News

नेशन बुलेटिन धार। भोजशाला को लेकर प्रशासन अलर्ट, हाईकोर्ट के आदेशों का सख्ती से होगा पालन।

WhatsApp
Facebook
Twitter

धार में भोजशाला परिसर को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। प्रशासन द्वारा एक विस्तृत मीडिया एडवाइजरी जारी करते हुए सभी नागरिकों, धर्मगुरुओं, आगंतुकों और मीडिया प्रतिनिधियों से माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का पूर्ण पालन करने तथा शांति और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा भोजशाला परिसर को लेकर जो भी आदेश और निर्देश जारी किए गए हैं, वे पूरी तरह बाध्यकारी हैं और उनका अक्षरशः पालन कराया जाएगा। कोर्ट के वर्तमान निर्देशों के विपरीत किसी भी प्रकार की गतिविधि या बिना अनुमति के किसी आयोजन की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई व्यक्ति आदेशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक जानकारी को लेकर भी सख्त चेतावनी दी है। प्रशासन ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भड़काऊ, अप्रमाणित या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित न करे। ऐसे मामलों में भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं मीडिया प्रतिनिधियों से भी जिम्मेदार और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा कि किसी भी प्रकार की उत्तेजक या भ्रम फैलाने वाली खबरों और सामग्री के प्रसारण से बचा जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

भोजशाला परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। प्रशासन द्वारा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों से सहयोग करने, न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में भागीदारी निभाने की अपील की है। प्रशासन ने दोहराया कि शांति, साम्प्रदायिक सौहार्द और विधि व्यवस्था बनाए रखना ही सर्वोच्च प्राथमिकता है।

“शांति बनाए रखें, अफवाहों से बचें, कानून का सम्मान करें और राष्ट्रहित में सहयोग करें।”

Recent Comments

No comments to show.