
*आंगनवाड़ी केंद्रों में मीनू अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन प्रदाय किए जाने के दिए निर्देश*

*धार, 16 जुलाई 2026।* महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रामनिवास बुधौलिया ने आज एकीकृत बाल विकास परियोजना नालछा के अंतर्गत पीथमपुर एवं मांडव के शहरी आजीविका समूहों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में श्री बुधौलिया ने स्व-सहायता समूहों के अध्यक्ष एवं सचिवों को निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को नियमित रूप से और निर्धारित मीनू के अनुसार ही भोजन प्रदाय किया जाए। उन्होंने भोजन की मात्रा, गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिए कि भोजन का सैंपल किचन और आंगनवाड़ी केंद्र पर अनिवार्य रूप से रखा जाए। साथ ही, पोषण आहार वितरण की नवीन व्यवस्था के अंतर्गत 6 माह से 3 वर्ष के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं को प्रदाय किए जाने वाले ‘टेकहोम राशन’ (THR) निर्माण हेतु बैठक में उपस्थित सभी स्व-सहायता समूहों द्वारा अपनी सहमति व्यक्त की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बैठक के उपरांत पीथमपुर के ‘केलादेवी स्व-सहायता समूह’ एवं ‘अन्नपूर्णा आजीविका स्व-सहायता समूह’ के किचन शेड का प्रत्यक्ष निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन बनाने में उपयोग होने वाले पानी का सैंपल लेने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्लास्टिक के बर्तनों का उपयोग पूर्णतः बंद करने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्री संजय गायकवाड़, पर्यवेक्षक श्रीमती अमृता गुप्ता, श्रीमती चंद्रिका सोनी, श्रीमती प्रीति कौशल, श्रीमती पूजा शर्मा के साथ-साथ समूहों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे।









