5 से 9 नवंबर तक बाजार क्षेत्रों में तीन पहिया, चार पहिया एवं लोडिंग वाहनों के आवागमन पर रहेगा प्रतिबंध।
धार, 5 नवंबर 2026।* दीपावली पर्व के दौरान धार शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर नागरिकों की आवाजाही और खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस द्वारा सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष यातायात प्रबंध किए गए हैं। यह व्यवस्था 5 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक प्रभावशील रहेगी।
*भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित*
यातायात व्यवस्था के तहत इंदौर नाका, श्याम ढाबा, रतलाम नाका एवं मतलबपुरा फाटा से धार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
*बाजार क्षेत्रों में तीन पहिया, चार पहिया एवं लोडिंग वाहनों पर प्रतिबंध*
हटवाड़ा से आनंद चौपाटी होते हुए पौ चौपाटी, मोहन टॉकीज से पिंजारवाड़ी, धानमंडी, आनंद चौपाटी एवं शनि गली तथा पठ्ठा चौपाटी से बनियावाड़ी, राय चौपाटी एवं बोहरा बांखल तक 5 से 9 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक तीन पहिया, चार पहिया एवं सभी प्रकार के लोडिंग वाहनों का आवागमन और पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। केवल आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहनों को आवश्यकतानुसार आवागमन की अनुमति रहेगी।
*नागरिकों से यातायात नियमों के पालन की अपील*
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बाजार में खरीदारी के लिए संभव हो तो पैदल आवागमन करें तथा दोपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। पैदल चलने वाले नागरिकों एवं बुजुर्गों को प्राथमिकता दें तथा एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आकस्मिक सेवा वाहनों को रास्ता दें।
नागरिक प्रतिबंधित मार्गों पर तीन पहिया, चार पहिया एवं लोडिंग वाहन लेकर प्रवेश न करें। बाजार क्षेत्रों एवं मुख्य मार्गों पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने, नो-पार्किंग एवं डायवर्जन स्थलों पर पार्किंग करने से बचें। भारी वाहन लेकर शहर में प्रवेश करने का प्रयास न करें। अनावश्यक हॉर्न बजाने, तेज गति से वाहन चलाने तथा बैरिकेड्स हटाकर प्रतिबंधित मार्गों से प्रवेश करने से भी बचें।
जिला पुलिस धार ने आम नागरिकों से दीपावली पर्व को खुशियों एवं उल्लास के साथ मनाने तथा यातायात नियमों का पालन कर पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि नागरिकों के सहयोग से ही दीपावली के दौरान शहर में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।









