
₹71,107/- कीमत के 45 किलो 500 ग्राम पटाखे जब्त, आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध
श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय धार श्री सचिन शर्मा द्वारा अवैध पटाखा भंडारण एवं क्रय विक्रय पर कार्यवाही करने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था । इस तारतम्य में श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय धार श्री विजय डावर, अनुविभागीय अधिकारी श्री ओ पी अहीर के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी कुक्षी श्री दीपक सिंह चौहान के नेतृत्व में थाना कुक्षी पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी तारतम्य में दिनांक 01.11.2026 को थाना कुक्षी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुक्षी में गायत्री सरोवर के सामने बाबजी किराना दुकान के पास आतिशबाजी पटाखों की दुकान संचालित कर आबादी क्षेत्र में पटाखे विक्रय हेतु रखे गए हैं।
मुखबिर सूचना पर थाना कुक्षी पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मौके पर पहुंचकर दुकान संचालक अली असगर पिता इम्तियाज अली बोहरा, उम्र 45 वर्ष, निवासी गायत्री सरोवर के सामने, कुक्षी, जिला धार से उसके पास रखे अवैध पटाखों को के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा पटाखे विक्रय हेतु रखना बताया गया, किंतु पटाखों के भंडारण एवं विक्रय संबंधी वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी की दुकान के सामने रखे विभिन्न प्रकार के आतिशबाजी पटाखे, कुल वजन 45 किलो 500 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹71,107/- के जब्त किए गए।
आरोपी का कृत्य आबादी क्षेत्र में आतिशबाजी पटाखों का अवैध भंडारण एवं विक्रय कर मानव जीवन को संकटापन्न करने की श्रेणी में पाए जाने से थाना कुक्षी पर अपराध क्रमांक 0503/2026, धारा 125, 288 भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
थाना कुक्षी पुलिस की अपील
थाना कुक्षी पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि आतिशबाजी पटाखों का भंडारण एवं विक्रय नियमानुसार वैध लाइसेंस के साथ ही करें। आबादी क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण एवं विक्रय कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में न डालें। अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
सराहनीय भूमिका –
उक्त कार्यवाही में स उ नि गौरी शंकर सोलंकी, प्र आर 825 प्रमोद, आर 997 विपिन यादव, आर 891 शाहदर का उल्लेखनीय योगदान रहा।









