
*धार, 1 अगस्त 2026।* कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने शनिवार को कन्या शिक्षा परिसर धार का भ्रमण कर विद्यार्थियों के माता-पिता एवं अभिभावकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा, गणवेश, पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता, आवास, भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अभिभावकों से विस्तार से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

संवाद के दौरान अभिभावकों ने परिसर में पेयजल की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर श्री मीना ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि पानी की समस्या का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर श्री मीना ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यार्थी की रुचि, योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप करियर काउंसलिंग कराई जाए। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों के साथ नियमित संवाद करें, उनकी रुचियों को समझें और यह जानने का प्रयास करें कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। बच्चों की पसंद, क्षमता और सपनों के अनुरूप उन्हें प्रोत्साहित एवं मार्गदर्शन देने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने लक्ष्य को बेहतर ढंग से प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, प्रेरणादायक एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। अभिभावकों द्वारा दिए गए सुझावों एवं समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती पारुल जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री पुष्पेंद्र सस्तिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









