श्रीमती सावित्री ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की शिष्टाचार भेंट*
*भोजशाला स्थित माँ वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी करने का किया अनुरोध*
नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री तथा धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न समसामयिक, जनहित एवं सांस्कृतिक विषयों पर सार्थक चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र धार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहरों के संरक्षण तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उचित पहचान दिलाने के संबंध में महत्वपूर्ण विषय मंत्री के समक्ष रखे।
भेंट के दौरान श्रीमती सावित्री ठाकुर ने भारतीय ज्ञान, विद्या एवं संस्कृति की अधिष्ठात्री माँ वाग्देवी (सरस्वती) के सम्मान में स्मारक डाक टिकट (पोस्टल स्टाम्प) जारी किए जाने हेतु केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को अनुरोध पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि धार की ऐतिहासिक भोजशाला केवल एक प्राचीन धरोहर ही नहीं, बल्कि भारत की ज्ञान परंपरा, संस्कृति और सभ्यता का गौरवशाली प्रतीक है। माँ वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी होने से देशभर में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश जाएगा तथा धार की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्राप्त होगी।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि भारत की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय प्राथमिकता बना है। ऐसे में माँ वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी किया जाना भारतीय संस्कृति, शिक्षा और आध्यात्मिक चेतना को सम्मान देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।
इस अवसर पर श्रीमती सावित्री ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को धार स्थित विश्वप्रसिद्ध भोजशाला के दर्शन हेतु सादर आमंत्रित किया। उन्होंने आग्रह किया कि श्री सिंधिया अपनी सुविधानुसार धार पधारें और माँ वाग्देवी की तपोभूमि एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के इस ऐतिहासिक केंद्र का दर्शन कर इसकी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्ता से अवगत हों। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनका आगमन क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का विषय होगा तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जनजागरण को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
बैठक के दौरान लोकसभा क्षेत्र धार में संचार सेवाओं के विस्तार पर भी विशेष चर्चा हुई। श्रीमती सावित्री ठाकुर ने दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर आदिवासी अंचलों में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के नवीन मोबाइल टावर स्थापित किए जाने का आग्रह किया, जिससे नागरिकों को बेहतर मोबाइल एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में डाक विभाग की सेवाओं के विस्तार तथा नए डाकघरों एवं आवश्यक डाक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया, ताकि आमजन को संचार एवं डाक सेवाओं का अधिक प्रभावी लाभ मिल सके।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने विश्वास जताया कि माँ वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी करने का प्रस्ताव तथा धार लोकसभा क्षेत्र में संचार एवं डाक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े सुझावों पर सकारात्मक पहल होगी, जिससे क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक गौरव को नई गति मिलेगी।









