धार। जिले के बाग विकासखंड के काकड़वा उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) किरण भाटिया का सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो विवादों में आ गया है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन, सोनम वांगचुक के समर्थन और देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर अपनी राय व्यक्त की थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।

जानकारी के अनुसार, किरण भाटिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या नेता का अंध समर्थन नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से सही और गलत का स्वयं आकलन करने की अपील करते हुए देशहित में सोच-समझकर निर्णय लेने की बात कही। वीडियो में उन्होंने सोनम वांगचुक के समर्थन का भी उल्लेख किया और हाल के घटनाक्रमों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने इसे सरकारी कर्मचारी के आचरण नियमों का उल्लंघन बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि सरकारी सेवा में रहते हुए राजनीतिक विषयों पर सार्वजनिक टिप्पणी करना सेवा नियमों के विपरीत है। मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला प्रशासन तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
विवाद बढ़ने के बाद किरण भाटिया ने सोशल मीडिया से वीडियो हटा लिया और स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति, सरकार या राजनीतिक दल की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। यदि उनकी बातों से किसी को असुविधा हुई है तो उन्हें इसका खेद है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता सिंगारे ने उपलब्ध तथ्यों के आधार पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को पत्र भेजकर संबंधित सीएचओ के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की है। पत्र में सेवा नियमों के उल्लंघन का उल्लेख करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। फिलहाल मामले में विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया जारी है।









