
*कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचकर बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम का निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा*

*धार, 16 जुलाई 2026।* कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचकर ‘बलराम कृषि महोत्सव-2026’ के अंतर्गत 17 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सफल आयोजन हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
मध्यप्रदेश में ‘कृषि वर्ष 2026’ के अंतर्गत धार जिले में 17 जुलाई 2026 को आयोजित इस महोत्सव में जिले के विभिन्न विकासखंडों से किसान सम्मिलित होंगे। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय राज्य मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती सावित्री ठाकुर उपस्थित रहेंगी, साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार मेडा, विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधि एवं किसान संघ के पदाधिकारी भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री विजय चौरसिया ने बताया कि महोत्सव में आधुनिक और नवाचारी कृषि करने वाले उद्यमी किसानों के साथ-साथ जिले का नाम रोशन करने वाले कृषकों के मेधावी पुत्र-पुत्रियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं कृषि से सम्बद्ध विभागों द्वारा कुल 15 प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जिनमें उन्नतशील कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी विशेष रूप से सम्मिलित है। इन प्रदर्शनियों और स्टॉल्स के माध्यम से कृषि विज्ञान केंद्र, उद्यानिकी, पशु-पालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, कृषि अभियांत्रिकी इत्यादि अपनी संचालित योजनाओं की तकनीकी जानकारी किसानों को प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त, कृषि विज्ञान केंद्र धार एवं मनावर के वैज्ञानिक किसानों को आधुनिक कृषि, औषधीय खेती, बागवानी तथा वर्तमान मौसमी अनियमितताओं के मद्देनजर फसल बीमा के लाभों के बारे में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आयोजन स्थल पर उनके आवागमन, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, उप संचालक कृषि एवं कल्याण विकास विभाग विजय चौरसिया, मंडी सचिव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









