News

नेशन बुलेटिन धार। सावित्री ठाकुर ने सड़क सुरक्षा समिति एवं रेलवे विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

WhatsApp
Facebook
Twitter

 

 

धार /- धार महू लोकसभा क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं बेहतर आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार सावित्री ठाकुर द्वारा जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं रेलवे विकास कार्यों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए ।

 

इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। श्रीमती सावित्री ठाकुर ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट, खराब एवं जर्जर सड़कों, ट्रैफिक प्रबंधन, संकेतक बोर्ड, स्ट्रीट लाइट एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तत्काल सुधारात्मक कार्य किए जाएं तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने हेतु नियमित अभियान संचालित किए जाएं।

 

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा शासन एवं प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। हेलमेट एवं सीट बेल्ट अनिवार्यता, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई, विद्यालयों के आसपास सुरक्षा उपाय एवं दुर्घटना के दौरान त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

 

इसके पश्चात आयोजित रेलवे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में क्षेत्र की विभिन्न रेल परियोजनाओं एवं रेलवे स्टेशनों पर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय, सुरक्षा व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। साथ ही रेलवे ओवरब्रिज, अंडरब्रिज, प्लेटफॉर्म विस्तार एवं अन्य लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए ।

 

श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सुरक्षित एवं आधुनिक यातायात सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क एवं रेलवे सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के विकास, व्यापार, शिक्षा एवं आमजन की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

 

बैठक के अंत में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने एवं जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में जिला कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीणा जी, धार एसपी श्री सचिन शर्मा जी, आरटीओ, NHAI, MPRDC , आदि विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहेl

Recent Comments

No comments to show.