News

नेशन बुलेटिन धार। वेतन नहीं मिला, पिता की मौत धरमपुरी में भड़का सफाईकर्मियों का गुस्सा।

WhatsApp
Facebook
Twitter

जिला धार के धरमपुरी में वेतन नहीं मिलने का मामला एक दर्दनाक घटना में बदल गया। नगर परिषद के सफाईकर्मी आशिक शेख के पिता वहीद हुसैन की मौत के बाद आक्रोशित सफाईकर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर शव रखकर उग्र प्रदर्शन किया।

परिजनों के अनुसार, आशिक शेख को पिछले कई महीनों से वेतन नहीं मिला था, जिससे उनका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। हालात इतने खराब हो गए कि उनके द्वारा दिया गया एक चेक भी बाउंस हो गया, जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि आशिक ने अपनी आर्थिक परेशानी और जेल जाने की आशंका की बात अपने पिता वहीद हुसैन को बताई थी। बेटे की इस स्थिति को सुनकर वह गहरे तनाव में आ गए, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उनका निधन हो गया।घटना के बाद सफाईकर्मियों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में कर्मचारी और परिजन एकत्रित हुए और वहीद हुसैन का शव नगर परिषद कार्यालय के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर वेतन नहीं देना ही इस दुखद घटना की मुख्य वजह है। सफाईकर्मियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बकाया वेतन जारी करने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।