धार जिले के कुक्षी में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यापारी की ₹2,59,600 की पूरी ठगी गई राशि वापस कराने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, कुक्षी के एक व्यापारी को सोशल मीडिया के माध्यम से जूड़ियो फ्रेंचाइजी दिलाने और शोरूम खुलवाने का झांसा दिया गया। साइबर ठगों ने व्यापारी से ₹2,59,600 की राशि एक फर्जी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली। ठगों ने टाटा इंटरप्राइजेस के नाम से पंजाब नेशनल बैंक, गुवाहाटी में फर्जी नाम-पते से बैंक खाता खुलवाया था।
ठगी की शिकायत NCRP पोर्टल पर प्राप्त होने के बाद कुक्षी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपकसिंह चौहान ने विशेष टीम को सक्रिय किया।
सहायक उपनिरीक्षक चंचलसिंह चौहान ने बैंकिंग चैनल और तकनीकी जानकारी के आधार पर ठगी की रकम को ट्रेस किया। पुलिस ने संबंधित बैंक एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय कर साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते को डेबिट फ्रीज/होल्ड कराया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते ठगी की गई पूरी ₹2,59,600 की राशि होल्ड/रिकवर कराकर व्यापारी के बैंक खाते में वापस ट्रांसफर कराई गई। रकम वापस मिलने पर व्यापारी ने कुक्षी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले फ्रेंचाइजी, निवेश, नौकरी या अन्य लाभ के ऑफर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और किसी अनजान व्यक्ति या बैंक खाते में रकम ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत अपने बैंक को सूचना दें और 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
⏱️ समय पर की गई शिकायत से ठगी की रकम को होल्ड/रिकवर कराने की संभावना बढ़ जाती है।
👏 इस कार्रवाई में निरीक्षक दीपकसिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक चंचलसिंह चौहान, आरक्षक विपिन यादव, अर्जुन डावर एवं महेन्द्र चौहान का सराहनीय योगदान रहा।









