News

नेशन बुलेटिन धार।दो-दो बार टेंडर के बाद भी अधूरे इंतजाम,सड़कों पर गड्ढे और जलभराव से परेशान नगरवासी।

WhatsApp
Facebook
Twitter

पीएचई विभाग के कार्यों की खुल रही पोल!

 

दो-दो बार टेंडर के बाद भी अधूरे इंतजाम,सड़कों पर गड्ढे और जलभराव से परेशान नगरवासी

 

*जल जीवन मिशन का लाभ कब मिलेगा? त्योहारों के बीच बदहाल मार्गों से गुजरने को मजबूर आमजन*

 

*झकनावदा/पेटलावद:-(राजेश काॅसवा)-*

 

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत नगर में किए जा रहे कार्यों को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। योजना का उद्देश्य घर-घर नल से जल पहुंचाना है, लेकिन झकनावदा में योजना के कार्यों की जमीनी स्थिति देखकर यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर नगरवासियों को इसका व्यवस्थित लाभ कब मिलेगा?

 

*पाइप लाइन बिछाने के नाम पर कई स्थानों पर सी.सी.सड़कों और मार्गों को खोदा*

 

नगर में पाइप लाइन बिछाने के नाम पर कई स्थानों पर सी.सी.सड़कों और मार्गों को खोदा गया। कार्य के बाद कई जगह गड्ढों को समतल एवं व्यवस्थित तरीके से दुरुस्त नहीं किए जाने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि जिन स्थानों पर पाइप लाइन डालने के बाद नल कनेक्शन के लिए वाल खोले जा रहे हैं, वहां आसपास पानी फैलने से सड़क के गड्ढों में जलभराव की स्थिति दिखाई देती है।

 

*गड्ढों के बीच निकलेंगी शोभायात्राएं, कैसे सुरक्षित रहेगा रास्ता ?*

 

इन दिनों नगर में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का दौर चल रहा है। आगामी त्योहारों के दौरान शोभायात्राएं निकलेंगी, वहीं सार्वजनिक नवदुर्गा महोत्सव के चलते माताओं-बहनों एवं युवाओं को गरबा पांडाल तक इन्हीं मार्गों से होकर गुजरना होगा। ऐसे में सड़कों की मौजूदा स्थिति हादसों को न्योता देती नजर आ रही है। रात्रि के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई स्थानों पर गड्ढों के आसपास पत्थर, पाइप बाहर निकले होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। पीएचई विभाग की लापरवाही होने के कारण राहगीरों को इनका पता नहीं चल पाता। वाहन चालकों के लिए भी यह परेशानी का कारण बन रहा है।

 

*ठेकेदार की जिम्मेदारी तय होगी या जनता ही भुगतेगी खामियाजा?*

 

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क की मूल स्थिति बहाल करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? यदि निर्माण एजेंसी अथवा ठेकेदार को कार्य पूर्ण करने की जिम्मेदारी दी गई है तो अधूरे एवं अव्यवस्थित कार्य के बीच आमजन को परेशानी क्यों उठानी पड़ रही है?

 

*क्या कहते है नगरवासी*

 

नगरवासियों का कहना है कि योजना के नाम पर सड़क खोदना ही काम की पूर्णता नहीं है। पाइप लाइन बिछाने के साथ सड़क की मरम्मत, गड्ढों की भराई, निर्माण सामग्री हटाना तथा मार्ग को सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाना भी कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।

 

*पीएचई विभाग की चुप्पी पर भी उठ रहे सवाल*

 

नगरवासियों के बीच यह चर्चा भी है कि जब कार्य की निगरानी के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद हैं तो फिर जगह-जगह दिखाई दे रही अव्यवस्था पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? क्या विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्य की गुणवत्ता एवं पूर्णता की नियमित जांच की जा रही है? यदि जांच हो रही है तो फिर सड़कें अब तक व्यवस्थित क्यों नहीं हो पाई हैं? जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना का उद्देश्य लोगों को सुविधा देना है, परेशानी बढ़ाना नहीं। इसलिए नगरवासियों की मांग है कि पीएचई विभाग मौके पर कार्यों का निरीक्षण कर अधूरे कार्यों को तत्काल पूरा करवाए तथा संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश देकर सड़कों एवं मार्गों को पूर्व स्थिति में दुरुस्त करवाया जाए।

 

*नगरवासियों की मांग—काम पूरा करो, सड़कें दुरुस्त करो*

 

नगरवासियों ने प्रशासन एवं पीएचई विभाग से मांग की है कि नगर में जल जीवन मिशन के तहत किए गए सभी कार्यों की स्थलवार जांच कराई जाए। जहां पाइप लाइन का कार्य पूरा हो चुका है वहां सड़क की मरम्मत तत्काल कराई जाए, खुले गड्ढों एवं बिखरी निर्माण सामग्री को हटाया जाए और जहां कार्य अधूरा है उसे समयसीमा में पूरा कराया जाए। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हैं या फिर कागजों में ही जल जीवन मिशन की सफलता दर्ज होती रहेगी। नगरवासियों को योजना के नाम पर वर्षों से चल रही खुदाई नहीं, बल्कि सुरक्षित सड़क और घर तक व्यवस्थित नल-जल सुविधा चाहिए।

 

*इनका कहना है -*

 

ग्रामीणजन परेशान हो रहे है। यह कार्य जल्द पूर्ण होना चाहिए। ताकि आगामी त्योहारों के चलते ग्रामीणों को को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।

 

*जितेंद्र राठौड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष झकनावदा।*

 

========

 

वर्तमान में त्योहारों का सीजन चल रहा है। गणेश चतुर्थी, तेजादशमी, देव झूलनी ग्यारस निकली है वही आगामी दिनों में अन्नत चौदस के अवसर पर इसी ऊबड़ खड़ाब पथरीली सड़क गड्ढों के बीच झांकिया निकलेगी। लेकिन इस ओर जिम्मेदार विभाग मौन है। ओर इस और कोई ध्यान आर्कषित नहीं है। कुछ ही दिनों में नवरात्री प्रारंभ होने वाली है। ओर इसी मार्ग के बीच माताएं बहने गरबा पांडाल पहुंचेगी। इस मार्ग को तथा इस जल जीवन मिशन योजना को जल्द पूरा करने की आवश्यकता है।

 

*राजेश काॅसवा-पूर्व सांसद प्रतिनिधि झकनावदा।*

========

 

पाईप लाईन का कार्य करने वाले कारीगर बैतूल तरफ के थे वह त्योहारों के चलते उनके गांव गए हुए थे। जिसके चलते कार्य रुका पड़ा था। आज वह वापस आ गए है। एक दो रोज में सड़क दोबारा सही करवा दी जाएगी। जिससे समस्या हल हो जाएगी।

 

*शैलेष बघेल-सहायक यंत्री पीएचई विभाग पेटलावद।*

Recent Comments

No comments to show.