
*सेवा संकल्प अभियान के तहत धार के पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय कॉलेज में जिला स्तरीय भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता संपन्न*

*भाषण में देवांश प्रजापत और चित्रकला में ऋषभ वर्मा ने हासिल किया प्रथम स्थान*

*धार, 26 सितंबर 2026।* सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” विषय पर जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार में किया गया। जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचारों, कल्पनाओं और भारत के उज्ज्वल भविष्य की परिकल्पना को भाषण एवं चित्रकला के माध्यम से प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रभा सोनी ने की। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. आयशा खान ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अतिथियों एवं प्रतिभागियों का परिचय कराया।

भाषण प्रतियोगिता में देवांश प्रजापत, पीएमसीओई शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हंसिका सोलंकी, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, धार द्वितीय तथा सूर्यवंशी ठाकुर, शासकीय महाविद्यालय, पीथमपुर तृतीय स्थान पर रहे।

चित्रकला प्रतियोगिता में ऋषभ वर्मा, शासकीय महाविद्यालय, धरमपुरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जीविका चौहान, शासकीय महाविद्यालय, मनावर ने द्वितीय तथा पूर्णिमा चौधरी एवं कोमल राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि श्री दीपेंद्र ठाकुर ने विद्यार्थियों को प्रभावी वक्तृत्व की बारीकियों से अवगत कराया तथा सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संबोधन देते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।
श्रीकांत द्विवेदी ने “मेरे सपनों का भारत” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए काव्य-पंक्तियों के माध्यम से कार्यक्रम को सरस एवं प्रेरणादायी बनाया।
समापन अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रभा सोनी ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच ही भविष्य के भारत की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत को शब्दों और रंगों के माध्यम से जीवंत करते हुए सेवा, संकल्प, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को अभिव्यक्त किया।डॉ केसर सिंह चौहान ने आभार व्यक्त किया ।









