
*त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था एवं व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर श्री मीना ने दिए आवश्यक निर्देश*

*धार, 23 सितंबर 2026।* कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आगामी अनंत चतुर्दशी, नवरात्रि, दशहरा सहित अन्य त्योहारों एवं कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री मीना ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शहर में आवारा पशुओं पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा पशुपालकों द्वारा पशुओं को खुले में छोड़ने पर जुर्माने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में लगाए गए अवैध फ्लेक्स एवं होर्डिंग्स को हटाने तथा निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दौरान निकलने वाली झांकियों के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण कर विद्युत तारों की ऊंचाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि झांकी एवं जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर श्री मीना ने अनुविभागीय अधिकारी, धार को निर्देश दिए कि डीजे संचालकों की बैठक लेकर निर्धारित डेसिबल में ही डीजे का संचालन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण संबंधी निर्धारित नियमों का पालन कराया जाए।
उन्होंने आगामी त्योहारों के दौरान निकलने वाली झांकियों एवं अखाड़ों को क्रमांक आवंटित करने के निर्देश दिए, ताकि वे आवंटित क्रमांक के अनुसार निर्धारित मार्ग पर व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि संबंधित झांकी या अखाड़ा निर्धारित समय एवं क्रमांक पर उपस्थित नहीं होता है, तो उसे पीछे रखा जाए, जिससे जुलूस की व्यवस्था एवं निर्धारित क्रम में किसी प्रकार का व्यवधान न हो।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित शांति समिति के सदस्यगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









