*सात कोठड़ी महादेव मंदिर की सुविधाओं को लेकर सांसद से मिला मित्र मंडल*
*300 मीटर सड़क, श्रद्धालुओं के लिए शेड एवं पेयजल व्यवस्था की मांग — सांसद सावित्री ठाकुर ने सांसद निधि से कार्य शीघ्र कराने का दिया आश्वासन*
धार/मांडव। ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी मांडव स्थित प्राचीन सात कोठड़ी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं मंदिर तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सात कोठड़ी महादेव मित्र मंडल, धार द्वारा स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर को आवेदन सौंपकर विभिन्न विकास कार्यों के लिए सांसद निधि से राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
मित्र मंडल द्वारा दिए गए आवेदन में मंदिर परिसर से मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली लगभग 300 मीटर सड़क के निर्माण को प्रमुखता से रखा गया। वर्तमान में सड़क की स्थिति खराब होने के कारण विशेषकर बारिश के मौसम में मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क निर्माण होने से श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को धूप एवं बारिश से बचाव के लिए स्थायी शेड, तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी की टंकी एवं वाटर फिल्टर मशीन स्थापित करने की मांग भी की गई। मित्र मंडल ने बताया कि सात कोठड़ी महादेव मंदिर प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे मांडव क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं धार्मिक पर्यटन के लिए पहुंचते हैं। सुविधाओं के विस्तार से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी तथा क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
आवेदन पर सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने मांगों को गंभीरता से सुना तथा मंदिर की आवश्यकताओं को देखते हुए सांसद निधि से संबंधित विकास कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। सांसद महोदया के सकारात्मक रुख एवं सहयोग के आश्वासन पर सात कोठड़ी महादेव मित्र मंडल ने उनका आभार व्यक्त किया।
मित्र मंडल के सदस्यों ने कहा कि सात कोठड़ी महादेव मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि मांडव की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होने से आने वाले समय में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी और क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के रूप में नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर सात कोठड़ी महादेव मित्र मंडल के सदस्य राजीव जोशी, श्रीजीत तोमर, त्रिलोक डोडिया, एडवोकेट मनोज सिंह सिसोदिया, बंटी डोड, श्याम बाबा एवं भूपेंद्र चौहान उपस्थित थे।









