News

नेशन बुलेटिन धार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर जिले में 6 लाख से अधिक दीये जलाकर लिया सेवा का संकल्प।

WhatsApp
Facebook
Twitter

धार, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के माध्यम से सेवा, जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए कलेक्टर राजीव रंजन मीना द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 17 सितंबर को जिले में विभिन्न गतिविधियों के साथ ‘सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया गया। जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर 6 लाख से अधिक दीये जलाकर सेवा और जनकल्याण के प्रति संकल्प व्यक्त किया गया।

जिला मुख्यालय धार में नगर पालिका परिषद धार द्वारा किला मैदान में शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विधायक नीना वर्मा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

किला मैदान में 2 लाख दीये जलाए गए। इन दीयों से ‘भारत’ एवं ‘सेवा संकल्प’ की भव्य आकृति साकार की गई। दीपों से जगमगाता किला मैदान कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा और सेवा, समर्पण तथा राष्ट्रभावना का संदेश देता नजर आया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने दीये जलाकर सेवा का संकल्प लिया।

हालांकि, कार्यक्रम के दौरान आम जनता की भागीदारी को लेकर भी सवाल उठे। मैदान में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम नजर आई। कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष भी दिखाई नहीं दिए। वहीं, नगर के कई हिस्सों में भी आम लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने घरों पर दीपक नहीं लगाए जाने की चर्चा रही। ऐसे में इतना बड़ा आयोजन होने के बावजूद आम जनता और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर सवाल खड़े हुए।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों की संख्या को लेकर भी यही तस्वीर नजर आई कि बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी कार्यक्रम में पहुंचे थे, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी चंद लोगों तक सीमित दिखाई दी। इसके चलते सेवा संकल्प अभियान के इस आयोजन में राजनीतिक संगठन और आमजन की भागीदारी को लेकर चर्चा होती रही।

दीप प्रज्ज्वलन के बीच तेल के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठे। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा खाद्य तेल की खपत कम करने की अपील की जाती रही है, वहीं दूसरी ओर इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दीये जलाने के लिए तेल का उपयोग किया गया। इसे लेकर लोगों के बीच यह चर्चा रही कि जहां तेल की बचत की बात कही जाती है, वहीं इतने बड़े स्तर पर दीप जलाने में तेल के उपयोग को किस तरह देखा जाए।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के भाव के साथ मनाया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने तथा जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

सावित्री ठाकुर ने कहा कि सेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का दायित्व नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से सेवा की भावना को व्यापक बनाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करें और जरूरतमंदों की सहायता के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। किला मैदान में दीपों की रोशनी के बीच ‘भारत’ और ‘सेवा संकल्प’ की आकृति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

वहीं, कार्यक्रम को लेकर सामने आई तस्वीर में एक तरफ किला मैदान में 2 लाख दीयों की भव्य सजावट नजर आई, तो दूसरी तरफ आमजन और भाजपा कार्यकर्ताओं की अपेक्षाकृत कम भागीदारी चर्चा का विषय बनी। अब सवाल यह है कि एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ की गतिविधियों में आने वाले दिनों में आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी किस स्तर पर दिखाई देती है।

‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत आगामी 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न विभागों द्वारा सेवा, जनकल्याण, सामाजिक सहभागिता एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Recent Comments

No comments to show.