विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने कहा – आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता, शिकायतों का हो त्वरित निराकरण।
*धार, 20 जून 2026।* धार नगरपालिका क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता एवं शुद्धता को लेकर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हो रही शिकायतों के संबंध में कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना द्वारा विधायक श्रीमती नीना वर्मा की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री कुंवर विश्वनाथ सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धार नगरपालिका क्षेत्र में जल की गुणवत्ता एवं शुद्धता से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर प्रतिदिन आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जल प्रदाय टंकियों की नियमित साफ-सफाई की जाए तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर निरीक्षण करते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने कहा कि पेयजल से जुड़ी समस्याएं सीधे आमजन के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए संबंधित विभाग पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं वहां विशेष निगरानी रखी जाए तथा जल आपूर्ति व्यवस्था की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जल गुणवत्ता की सतत निगरानी, फील्ड स्तर पर निरीक्षण व्यवस्था को मजबूत करने तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए समन्वित रूप से कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा जिले में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।









