
*भाजपा जिला कार्यालय पर प्रबुद्धजन संकल्प सम्मेलन संपन्न*

धार। प्रधानममंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को जिला कार्यालय में विकसित भारत प्रबुद्धजन संकल्प सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में चिकित्सा, शिक्षा, विधि, व्यापार, प्रशासन एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय थे।

केन्द्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती धार विधायक नीना वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रभु राठौड़ व मनोज सोमानी पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धनसिह दत्तीगांव, पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ महाजन वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश राजपुरोहित योगेश अग्रवाल रेखा मेहता अतिथि रूप में मंचासीन थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर निरंतर नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। हम सभी मोदी सरकार के ऐतिहासिक 12 साल के कार्यकाल के बारे में आम जनता को बताए। कार्यक्रम की शुरुआत के पहले अतिथियो ने भारत माता व पंडित दीनदयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया।
प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मध्यप्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की दिशा तय करने में प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षित, जागरूक और विचारवान लोगों के मार्गदर्शन से ही देश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित प्रबुद्धजनों से समाज में सकारात्मक सोच, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। ऐसे समय में समाज के प्रबुद्ध लोगों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वे युवाओं को सही दिशा प्रदान करें तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान दें।
विजयवर्गीय ने कहा कि भारत आज विश्व की चार बड़ी शक्तियों में अपना स्थान बना चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत अधिकांश आवश्यक सामग्रियों का आयात करने वाला देश था, लेकिन आज देश निर्यातक राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भी देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ा है और रक्षा सौदों तथा सैन्य क्षमताओं के मामले में भारत विश्व की बड़ी सैन्य शक्तियों में शामिल हो गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश का वैश्विक स्तर पर सम्मान बढ़ा है तथा भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है। सम्मेलन में उपस्थित प्रबुद्धजनों से उन्होंने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अनेक ऐसे ऐतिहासिक निर्णय और उपलब्धियां प्राप्त की हैं, जिनकी लंबे समय से अपेक्षा की जा रही थी। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी का हुआ शुभारंभ*
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि प्रबुद्धजन संकल्प सम्मेलन के पूर्व में भाजपा जिला कार्यालय परिसर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्षों की विकास यात्रा पर प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य वक्ता मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा अतिथियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री देवेंद्र सोनोने राकेश पटेल संजय बघेल डॉ शरद विजयवर्गीय अशोक जैन लव प्रजापति अभियान जिला टोली से कपिल निनामा अमृत पाटीदार पियूष सोनगरे रोमा मंडलोई मौजूद रहें। संचालन भाजपा के जिला पदाधिकारी मोहित तांतेड़ व आभार जिला टोली के रितेश अग्निहोत्री ने माना। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने दी।









