News

नेशन बुलेटिन धार। पानी के विरोध में युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, नगरपालिका का घेराव कर फोड़े मटके, सीएमओ को दी तालाबंदी आंदोलन की चेतावनी।

WhatsApp
Facebook
Twitter

धार। शहर में गंदे एवं अनियमित पेयजल वितरण को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लालबाग से नगर पालिका कार्यालय तक रैली निकालकर नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नगरपालिका का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ता सिर पर मटके लेकर चलीं, जबकि युवक मटमैले एवं बदबूदार पानी से भरी बोतलें हाथों में लेकर नगर पालिका की व्यवस्थाओं के विरोध में प्रदर्शन करते नजर आए।

रैली में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता नगर पालिका सीएमओ विश्व प्रताप सिंह को भेंट करने के लिए चूड़ियां भी साथ लेकर पहुंचे थे। नगर पालिका कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों ने प्रतीकात्मक रूप से चूड़ियां तोड़कर अपना आक्रोश जताया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मटके फोड़कर नगर प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। इस दौरान नगर पालिका कार्यालय के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि धार शहर की जनता लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रही है। नागरिकों को पांच से छह दिन के अंतराल में पानी मिल रहा है और वह भी केवल 15 से 20 मिनट के लिए। इतना ही नहीं, नलों से आने वाला पानी पीले रंग का, बदबूदार एवं कीचड़युक्त है, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि नगर पालिका द्वारा की जा रही जलापूर्ति पूरी तरह अव्यवस्थित है तथा नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में प्रशासन विफल साबित हुआ है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्षों पुरानी पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई है और न ही जल शोधन संयंत्र की स्थिति में कोई सुधार किया गया है, जिसके कारण नागरिकों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब नगर पालिका परिसर में फायर ब्रिगेड वाहन के माध्यम से वाटर कैनन से पानी की बौछार की गई। अचानक हुई पानी की बौछार से प्रदर्शनकारियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

इधर, नगर पालिका सीएमओ विश्व प्रताप सिंह ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि धार शहर में तालाब का पानी सप्लाई किया जाता है और वर्तमान में जलस्तर कम होने के कारण कुछ समय के लिए पानी मटमैला दिखाई दे रहा था। नगर पालिका द्वारा पानी में ब्लीचिंग पाउडर मिलाकर उसे शुद्ध करने का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया गया है और वर्तमान में शहर में साफ पानी की आपूर्ति की जा रही है। सीएमओ ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा लाई गई पानी की बोतलों में पुराना पानी था, जबकि आज शहर में जल सप्लाई भी नहीं हुई थी। सोशल मीडिया पर नगर पालिका की गतिविधियों को लेकर उन्होंने कहा कि जनता को जानकारी देने के उद्देश्य से नगर पालिका की विभिन्न गतिविधियां नियमित रूप से साझा की जाती हैं।

वहीं युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रोहित कामदार ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शहरवासियों को गंदा और बदबूदार पानी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि कलेक्टर ने जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण कर नगर पालिका को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। कामदार ने आरोप लगाया कि नगर पालिका के अधिकारी जनता की समस्याओं की बजाय प्रचार-प्रसार में अधिक व्यस्त हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 10 दिनों में जल प्रदाय व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो युवा कांग्रेस नगर पालिका के खिलाफ “ताला लगाओ आंदोलन” शुरू करेगी। साथ ही तालाबंदी, धरना-प्रदर्शन और जन आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और यदि इसमें सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

Recent Comments

No comments to show.