
धार: शहर कांग्रेस कमेटी, धार के अध्यक्ष जसबीर सिंह छाबड़ा (टोनी) ने जिलाधीश महोदय को जनसुनवाई में ज्ञापन देकर धार शहर में फैली गंदगी, गंदे पानी की निकासी की समस्या और आवारा कुत्तों के आतंक के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
छाबड़ा ने बताया कि इस समस्या के संबंध में पूर्व में भी जनसुनवाई में आवेदन देकर अवगत कराया गया था, जहाँ शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि शहर की जनता इन समस्याओं से काफी परेशान है। हाल ही में हुई महज आधे घंटे की बारिश में ही नालियों का गंदा पानी सड़कों पर जमा हो गया था, जिससे स्थिति गंभीर हो गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का जल्द निराकरण नहीं किया जाता है और इसके कारण कोई परेशानी या बीमारी होती है, तो इसकी पूरी जवाबदारी प्रशासन और नगर पालिका की होगी।
इस मौके पर जसबीर सिंह छाबड़ा के साथ पार्षद बंटी डोड, नेता प्रतिपक्ष करीम कुरैशी, सुनील चौहान, राजेश यादव मौजूद थे,
उक्त जानकारी श्रीजीत तोमर द्वारा दी गई।









