News

नेशन बुलेटिन धार। 1000 से अधिक युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य, “पोरवाल युवा संकल्प दिवस” की तैयारी शुरू।

WhatsApp
Facebook
Twitter

इंदौर। अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन, इंदौर नगर द्वारा समाज के युवाओं को संगठित करने और सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक सदस्यता अभियान शुरू किया गया है। संगठन के नव नियुक्त नगर अध्यक्ष प्रणय राजेश पोरवाल (स्वदेशी संघ) ने अपने स्वागत समारोह के दौरान यह घोषणा करते हुए कहा कि इंदौर शहर के जांगड़ा पोरवाल समाज के 1000 से अधिक युवक-युवतियों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की ऊर्जा और सहभागिता समाज की प्रगति के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। संगठन युवाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा कार्यों से जोड़ते हुए समाज को नई दिशा देने का कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि संगठन का उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि युवाओं में समाज के प्रति जिम्मेदारी, एकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करना भी है।

प्रणय पोरवाल ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज को नई पहचान और मजबूती मिलेगी। संगठन द्वारा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों, सेवा कार्यों, युवा संवाद कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।

संगठन का स्थापना दिवस 11 मई को “पोरवाल युवा संकल्प दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर को विशेष रूप से युवा एकता और समाज जागरूकता के संदेश के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत 10 मई को शाम 8 बजे विजय नगर स्थित उत्साह रेस्टोरेंट में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग और विभिन्न पदाधिकारी शामिल होंगे।

कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक राजेंद्र संघवी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र उडिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकंवर उडिया, प्रांतीय अध्यक्ष जितेंद्र काला, जिला अध्यक्ष राजू भाई धनोतिया सहित राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर समाज के युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

नगर अध्यक्ष प्रणय पोरवाल ने बताया कि नियुक्ति के कुछ ही दिनों में लगभग 400 से अधिक सदस्य संगठन से जुड़ चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बड़ी संख्या में युवा संगठन से जुड़कर समाजहित के कार्यों में अपनी भूमिका निभाएंगे। संगठन का यह अभियान इंदौर में समाज की युवा शक्ति को एक नई दिशा देने की पहल माना जा रहा है।

Recent Comments

No comments to show.