
धार, 15 अगस्त 2026। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित किला मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत के साथ हुआ। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीणा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के बाद पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा के साथ संयुक्त परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। एसएएफ एवं पुलिस प्लाटून द्वारा हर्षफायर तथा पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रीय धुन प्रस्तुत की गई। परेड का नेतृत्व परिवीक्षाधीन डीएसपी श्री गगन हनवत ने किया।

कलेक्टर श्री मीणा ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आजादी की 100वीं वर्षगांठ तक भारत विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व का पथ-प्रदर्शक बने, इसके लिए सभी को मिल-जुलकर योगदान देना होगा।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, लोकतंत्र सेनानियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

संयुक्त परेड में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, एनसीसी पीजी कॉलेज बॉयज सहित विभिन्न विभागों एवं विद्यालयों के दलों ने भाग लिया। सीनियर वर्ग में विशेष सशस्त्र बल प्रथम, महिला बल द्वितीय और एनसीसी पीजी कॉलेज बॉयज तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में एनसीसी उत्कृष्ट विद्यालय धार बालक प्रथम, बालिका द्वितीय तथा स्काउट गाइड मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तृतीय स्थान पर रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय भोज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रथम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-4 द्वितीय और उत्कृष्ट विद्यालय धार तृतीय रहा।

समारोह में जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘धार जिले की विकास गाथा’ पुस्तक का वितरण किया गया। इसमें जिले की विकास यात्रा एवं प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख है। पुस्तक के अनुसार विगत ढाई वर्षों में जिले के समग्र विकास पर 9,451.16 करोड़ रुपये व्यय किए गए। नेशनल अप्रेन्टशिप स्कीम में लक्ष्य से अधिक 5,008 प्रशिक्षुओं को अप्रेन्टिस के रूप में जोड़कर धार ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 43,287 हितग्राहियों को 5,194.44 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में 3,95,956 हितग्राहियों को 1,713.31 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। वहीं भैंसोला में पीएम मित्र पार्क और जेतपुरा में नवीन औद्योगिक क्षेत्र के विकास से रोजगार एवं निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, धरावरा में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। छात्राओं ने अतिथियों का तिलक एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया तथा पारंपरिक लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। विधायक श्रीमती नीना वर्मा, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, वनमण्डलाधिकारी श्री विजयानंथम टीआर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने छात्रावास परिसर में पौधारोपण किया।

इसके बाद अतिथियों ने पीएम पोषण कार्यक्रम के तहत छात्राओं के साथ बैठकर सहभोज किया। कार्यक्रम में देशभक्ति से जुड़ा भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब एक नन्हीं छात्रा ने अपने हाथों से बनाई महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और तिरंगे पर आधारित आकर्षक पेंटिंग कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीणा को भेंट की। कलेक्टर ने बालिका की कला और देशभक्ति की भावना की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य समारोह में विधायक श्रीमती नीना वर्मा, श्री निलेश भारती सहित जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन श्री प्रवीण शर्मा एवं उनकी टीम ने किया। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।










