धार। दैनिक भास्कर की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन विक्रम सभा गृह, धार में किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसी क्रम में टाईमिंग पब्लिक स्कूल की होनहार छात्रा याशिका डोडिया को भी सम्मानित किया गया।
याशिका डोडिया ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। अपनी मेहनत और लगन से शानदार प्रदर्शन करते हुए याशिका ने अपने विद्यालय के साथ-साथ अपने जिले और शहर का नाम भी रोशन किया। समारोह में याशिका को सम्मानित किए जाने पर विद्यालय परिवार और परिजनों ने भी खुशी जताई।
याशिका ने बताया कि वह भविष्य में UPSC की तैयारी कर सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य रखती हैं। उन्होंने आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने परिवार, विद्यालय और शहर का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सावित्री ठाकुर, धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा तथा दैनिक भास्कर इंदौर के चीफ एडिटर अमित सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया। याशिका डोडिया को मिले इस सम्मान से टाईमिंग पब्लिक स्कूल में भी उत्साह का माहौल रहा।









