News

नेशन बुलेटिन धार।अमेरिका के सैन जोस में गूंजा भारतीय ब्राह्मण समाज का स्वर ।

WhatsApp
Facebook
Twitter

BSNA–GBC के वार्षिक अधिवेशन में ब्राह्मण समाज ऑफ इंडिया की गरिमामयी सहभागिता

 

धार।ब्राह्मण समाज ऑफ इंडिया के प्रांतीय महासचिव ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि ब्राह्मण समाज ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव श्री उत्तम तिवारी ने अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया राज्य के सैन जोस शहर में आयोजित ब्राह्मण समाज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (BSNA) एवं ग्लोबल ब्राह्मण कॉन्फ्रेंस (GBC) के प्रतिष्ठित वार्षिक अधिवेशन में सहभागिता कर भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विश्व के विभिन्न देशों से आए ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों एवं प्रबुद्धजनों ने भाग लेकर वैश्विक स्तर पर समाज की भूमिका, संगठन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर व्यापक विचार-विमर्श किया।

अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में फ्रीमोंट के महापौर डॉ. राज सलवान, अलामेडा काउंटी की कमिश्नर डॉ. सोनिया सलवान तथा रेडवुड सिटी के कमिश्नर एवं काउंसिल सदस्य क्रिस स्टरकेन की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा तथा ब्राह्मण समाज के सामाजिक एवं बौद्धिक योगदान की सराहना करते हुए वैश्विक स्तर पर भारतीय मूल के लोगों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।

राष्ट्रीय महासचिव श्री उत्तम तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि विश्वभर में बसे ब्राह्मण समाज के लोग एक सशक्त मंच पर संगठित होकर शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक सेवा और युवा पीढ़ी के मार्गदर्शन के लिए समन्वित प्रयास करें। उन्होंने भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा समाज के बीच पारस्परिक सहयोग और संवाद को और मजबूत करने पर बल दिया।

श्री त्रिपाठी ने बताया सम्मेलन के दौरान सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, वैदिक परंपराओं के संवर्धन, युवा नेतृत्व के विकास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सेवा कार्यों के विस्तार तथा विश्वभर में ब्राह्मण समाज के संगठन को मजबूत बनाने जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए भविष्य में संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर भारतीय एवं अमेरिकी प्रतिनिधियों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने पर भी सहमति बनी। सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि भौगोलिक दूरियां चाहे जितनी भी हों, भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक मूल्यों के माध्यम से विश्वभर का ब्राह्मण समाज एक सूत्र में बंधा हुआ है।

ब्राह्मण समाज ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव श्री उत्तम तिवारी की इस अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन में सहभागिता को संगठन के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे भारत और प्रवासी भारतीय ब्राह्मण समाज के बीच संवाद, सहयोग एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

Recent Comments

No comments to show.