*धार।* राजा भोज की ऐतिहासिक नगरी धार में परंपरागत रूप से लगातार पांचवें वर्ष भगवान श्री जगन्नाथ जी की विशाल शाही रथ यात्रा आगामी *16 जुलाई 2026 (गुरुवार)* को अत्यंत धूमधाम से निकाली जाएगी। श्री सांवरिया सेठ भक्त मंडल और सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस भव्य रथ यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।इसको लेकर साँवरिया सेठ भक्त मंडल के सर्वश्री स्वयं प्रकाश सोनी, संतोष पांडे, डॉ. अशोक शास्त्री , अशोक मनोहर जोशी पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया दिनांक 16 जुलाई को निकाली जाने वाली शहर की एकमात्र भव्य जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियों के बारे मे विस्तृत जानकारी दी ।
*सरस्वती मंदिर भोजशाला से होगा शुभारंभ*
यात्रा अध्यक्ष स्वयं प्रकाश सोनी ने बताया कि रथ यात्रा अपने निर्धारित मार्ग के अनुसार *सरस्वती मंदिर (भोजशाला) से ठीक दोपहर 3:00 बजे* प्रारंभ होगी। इससे पूर्व सकल हिंदू समाज और सांवरिया सेठ भक्त मंडल द्वारा महाप्रभु जगन्नाथ जी के विग्रह को रथ पर विराजित कर विशेष आरती की जाएगी। साथ ही भगवान को *56 भोग* का नैवेद्य लगाया जाएगा, जिसके बाद परंपरागत तरीके से रथ यात्रा का शुभारंभ होगा।
*इन मार्गों से गुजरेगी शाही यात्रा*
पंडित संतोष पांडेय ने कहा की , भगवान जगन्नाथ का रथ सरस्वती मंदिर से शुरू होकर धार शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरेगा। यात्रा का मार्ग इस प्रकार रहेगा:
> *भोजशाला ➔ चौपाटी ➔ राजवाड़ा चौक ➔ आनंद चौपाटी ➔ नरसिंह चौपाटी ➔ धान मंडी ➔ कश्यप भवन ➔ मोहन टॉकीज ➔ घोड़ा चौपाटी ➔ त्रिमूर्ति नगर चौराहा ➔ श्री सांवरिया सेठ मंदिर (त्रिमूर्ति नगर)*
पंडित पांडेय ने बताया कि यात्रा के स्वागत के लिए पूरे शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं, जहाँ श्रद्धालुओं द्वारा महाप्रभु का पलक-पावड़े बिछाकर आत्मीय स्वागत किया जाएगा।
*उड़ीसा के पुरी की तर्ज पर आयोजन*
अशोक मनोहर जोशी ने बताया कि आषाढ़ मास की द्वितीया तिथि को उड़ीसा के पुरी में निकलने वाली विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा की तर्ज पर ही धार में भी इस पावन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा में धार शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। भक्त अपने हाथों से भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचते हुए पुण्य लाभ कमाएंगे। यात्रा का विश्राम त्रिमूर्ति नगर स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर पर होगा।
*श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील*
डॉ. अशोक शास्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत तीन दिनों से धार शहर और आसपास के क्षेत्रों में रथ यात्रा की सूचना और घोषणा करवाई जा रही है, जिसे लेकर जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने धार शहर एवं आसपास के समस्त प्रबुद्ध भक्तगणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान के दर्शन करें, रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त करें और इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं । जगन्नाथ रथ के विश्रांति स्थल त्रिमूर्ति स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में रथ खीचने वाले भक्तों की महाप्रसादी का भी आयोजन किया गया है । इस अवसर पर समिति के अनिल बोरदिया , मनीष दुबे भी उपस्थित थे ।









