
*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीथमपुर में एटीएफसी आदित्य टेक्नो फेब की द्वितीय यूनिट का किया उद्घाटन*

*धार, 8 जुलाई 2026।* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित एटीएफसी आदित्य टेक्नो फेब प्राइवेट लिमिटेड की द्वितीय विनिर्माण इकाई का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कंपनी परिसर का अवलोकन किया तथा आधुनिक मशीनों एवं उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी कंपनी के पदाधिकारियों से प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने नई इकाई के शुभारंभ पर कंपनी प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर धार विधायक श्रीमती नीना वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि श्री नीलेश भारती, श्री श्रवण चावड़ा, कंपनी के चेयरमैन श्री सुनेर सिंह छड़ोदी, डायरेक्टर श्री धीरेन्द्र छड़ोदी, मैनेजिंग डायरेक्टर श्री लक्ष्मीनारायण छड़ोदी, ज्वाइंट डायरेक्टर श्री राजेश राजपूत, श्री अतुल जैन, श्री विक्रांत पटेल, श्री पी.डी. शर्मा, इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग तथा कलेक्टर धार श्री राजीव रंजन मीना सहित उद्योग जगत के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेलवे अधोसंरचना के विस्तार और आधुनिकीकरण का कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहा है। रेलवे के आधुनिकीकरण के लिए आधुनिक तकनीक और स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पीथमपुर का औद्योगिक क्षेत्र देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी पहचान बना चुका है। यहां स्थापित उद्योग न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दे रहे हैं, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित कर रहे हैं। एटीएफसी आदित्य टेक्नो फेब प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रेलवे क्षेत्र से जुड़कर उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों का निर्माण किया जाना मालवा अंचल के साथ-साथ पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। निवेश, नवाचार और आधुनिक तकनीक को प्रोत्साहन देने के साथ उद्योगों को आवश्यक अधोसंरचना एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे मध्यप्रदेश देश का अग्रणी औद्योगिक राज्य बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कंपनी परिसर का भ्रमण कर अत्याधुनिक मशीनों, उत्पादन इकाइयों तथा निर्माण प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कंपनी प्रबंधन से विभिन्न तकनीकी उपकरणों तथा उत्पादन क्षमता के संबंध में जानकारी ली और आधुनिक तकनीक आधारित विनिर्माण की सराहना की।
कंपनी के ज्वाइंट डायरेक्टर श्री राजेश राजपूत ने बताया कि एटीएफसी आदित्य टेक्नो फेब प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना वर्ष 2017 में हुई थी। कंपनी रेलवे बॉगी निर्माण, ऑटोमोबाइल फैब्रिकेशन, रेलवे फैब्रिकेशन, फाउंड्री कार्य तथा प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) स्ट्रक्चर निर्माण के क्षेत्र में कार्यरत है। नई विनिर्माण इकाई के प्रारंभ होने से उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार की नीतियों की सराहना की।









