
राजगढ़/शंकरपुरा। थाना क्षेत्र के कस्बा शंकरपुरा में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी और वारदात को छिपाने के उद्देश्य से शव को घर में रखी बिस्तर पेटी में छिपा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना प्रभारी समीर पाटीदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान हीना खराड़ी के रूप में हुई है, जो मुस्लिम समाज से थी। करीब 10 वर्ष पूर्व उसने कमलेश खराड़ी से प्रेम विवाह किया था। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आरोपी पति ने महिला का गला दबाकर उसकी हत्या की है। मृतका के गले पर दबाव के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हुई है।
घटना के बाद आरोपी ने शव को घर की बिस्तर पेटी में रख दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न लग सके। हालांकि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि आरोपी पति को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्या के कारणों सहित पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस फिलहाल यह भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद, आपसी मनमुटाव या कोई अन्य कारण था। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।









