News

नेशन बुलेटिन धार। पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे विधानसभा में भी गूंजेंगे: उमंग सिंघार।

WhatsApp
Facebook
Twitter

भोपाल, 30 जून। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश और देशभर के छात्र पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी और शिक्षा व्यवस्था की अव्यवस्थाओं से परेशान हैं। छात्रों की आवाज अब केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आगामी विधानसभा सत्र में भी जोरदार ढंग से उठाई जाएगी।

भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में सिंघार ने कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी “छात्रों की गूंज” अभियान की जानकारी देते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान अभियान के संयोजक डॉ. अंशुल त्रिवेदी भी मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि NEET-UG 2026 पेपर लीक, MPPSC और MPESB की भर्ती परीक्षाओं में लगातार देरी, परीक्षा निरस्त होने, दूर-दराज परीक्षा केंद्र और परिणामों में विलंब के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के सरकारी विश्वविद्यालयों में बड़ी संख्या में सहायक प्राध्यापकों के पद रिक्त हैं, जबकि उच्च शिक्षा पर पर्याप्त बजट भी खर्च नहीं किया जा रहा है।

उमंग सिंघार ने कहा कि “यह केवल पेपर लीक नहीं, युवाओं के भविष्य की चोरी है। छात्र फेल नहीं हो रहे, बल्कि सरकार की परीक्षा व्यवस्था फेल हो रही है।” उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, NTA सहित परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार तथा समयबद्ध भर्ती और वार्षिक परीक्षा कैलेंडर लागू करने की मांग की।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस का “छात्रों की गूंज” अभियान 25 जून से 9 अगस्त तक चलेगा। इसके तहत 1 अगस्त को जिला कलेक्टर कार्यालयों के बाहर “छात्र सत्याग्रह” और 9 अगस्त को “दिल्ली चलो” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने बताया कि अभियान के लिए 25 सदस्यीय कोर टीम बनाई गई है। प्रधानमंत्री के नाम खुला पत्र भेजकर सभी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में अनिवार्य मेंटल हेल्थ काउंसिल तथा प्रशिक्षित मेंटल हेल्थ काउंसलर की नियुक्ति की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था से जुड़े घटनाक्रम में जान गंवाने वाले 21 विद्यार्थियों की स्मृति में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी।

पत्रकार वार्ता के बाद अंबेडकर पार्क, भोपाल में NEET पेपर लीक प्रकरण में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी दोनों नेताओं ने सहभागिता की।

Recent Comments

No comments to show.