
*कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के निर्देश पर रेडक्रॉस से 1 लाख रुपये की त्वरित सहायता राशि स्वीकृत*
*कलेक्टर के निर्देशानुसार इंदौर अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सौंपा चेक, कलेक्टर ने फोन पर ली स्वास्थ्य की जानकारी*
*धार, 17 जून 2026।* धार जिले के नालछा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम बांग्ला बिल्लौद में आवारा कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई तीन वर्षीय नन्हीं बालिका हितांशी जाट के इलाज के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ आगे आया है। घटना संज्ञान में आते ही कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव चिकित्सकीय और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए।
कलेक्टर श्री मीना के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में पीथमपुर तहसीलदार सुश्री शिवानी श्रीवास्तव ने इंदौर के निजी चिकित्सालय पहुंचकर घायल बालिका हितांशी जाट का हालचाल जाना। उन्होंने वहां उपस्थित डॉक्टरों से बच्ची के स्वास्थ्य और चल रहे प्लास्टिक सर्जिकल उपचार के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
अस्पताल में भेंट के दौरान तहसीलदार द्वारा कलेक्टर के निर्देशानुसार रेडक्रॉस सोसायटी से स्वीकृत 1,00,000 रुपये (एक लाख रुपये) की त्वरित आर्थिक सहायता राशि का चेक बालिका के परिजनों को सौंपा गया। इसके साथ ही कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने दूरभाष (फोन) के माध्यम से बालिका के पिता श्री आनंद जाट से सीधे चर्चा कर बच्ची के स्वास्थ्य की अद्यतन स्थिति जानी और परिवार को संबल प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि विगत रविवार शाम को ग्राम बांग्ला बिल्लौद में एक आवारा कुत्ते ने मासूम हितांशी पर हमला कर दिया था, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। जिसका इलाज इंदौर किया जा रहा है। एक साधारण कृषक परिवार पर आए इस आकस्मिक संकट और इलाज के भारी खर्च को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह त्वरित और संवेदनशील कदम उठाया गया है।
कलेक्टर श्री मीना ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया है कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। उपचार के दौरान भविष्य में भी यदि किसी प्रकार की चिकित्सीय सहायता अथवा अन्य प्रशासनिक मदद की आवश्यकता होगी, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।









