इंदौर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ भारत में संगठन को और अधिक सशक्त एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है, जिसे संगठन विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश शासन के माननीय मंत्री श्री गौतम टेटवाल जी तथा विश्व महापीठ के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री सूरज केरो जी की अनुशंसा पर विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री बारेलाल अहिरवार जी ने इंदौर जिले के सक्रिय समाजसेवी एवं संगठन से जुड़े कार्यकर्ता श्री राजेश तिनगुरिया जी को प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है।
इस नियुक्ति से संगठन के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल देखा गया। पदभार ग्रहण करने के बाद श्री राजेश तिनगुरिया ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की विचारधारा को मजबूती देने, समाज के उत्थान के लिए कार्य करने तथा प्रदेश स्तर पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में समरसता, समानता और भाईचारे को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर इंदौर महानगर के नगर अध्यक्ष श्री मुकेश केरो जी, नगर मंत्री मुन्ना बुंदेला, गोलू खन्ना, शुभम बंसल सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने नवमनोनीत प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजेश तिनगुरिया को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।









