धार। प्रज्ञाशील जाटव अहिरवार समाज कल्याण समिति की ओर से अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार, 19 अप्रैल 2026 को 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन एवं अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को उपस्थित जनसमुदाय ने आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। विवाह समारोह के दौरान भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जब कन्या पक्ष के परिजनों ने अपनी बेटियों का हाथ दूल्हों के हाथ में सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।
समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, अतिथियों एवं उपस्थित समाजबंधुओं ने सभी 51 नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समिति द्वारा आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक एकता, सहयोग एवं समरसता की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत करता है, जिसे समाज द्वारा प्रतिवर्ष उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाता है।
समारोह के सफल आयोजन में संरक्षक श्री प्रमोद धुलधोए, संयोजक राजेश माटोलिया एवं सोनू गोरखिया, तथा अध्यक्ष अमरसिंह माथोलिया का विशेष योगदान रहा।









