
*महांकाल मित्र मंडल के तत्वावधान में निकली शोभायात्रा,ढोल धमाकों के साथ बाबा भूतेश्वर महादेव को करवाया नगर भ्रमण*
*श्री केशरियानाथ भगवान की झांकी रही आकर्षण का केंद्र*

*झकनावदा/पेटलावद:-(राजेश काॅसवा)-*
झकनावदा महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर झकनावदा से लगभग पाँच किलोमीटर दूर स्थित पवित्र तीर्थ स्थल श्रृंगेश्वर महादेव धाम पर आस्था का अद्भुत सैलाब उमड़ पड़ा। अल सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचने लगे। भक्तों ने पवित्र माही नदी में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान शिव का अभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
*मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धालुओं ने बम बम भोले के जयघोष लगाए*
मंदिर परिसर में दिनभर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल, पंचमुखी हनुमान जी एवं ब्रह्मलीन महंत श्री श्री 1008 काशीगिरि जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। वहीं गादीपति महंत श्री रामेश्वरगिरी महाराज से भी आशीर्वाद प्राप्त कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार और मंदिर की आकर्षक सजावट ने भक्तों का मन मोह लिया। मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
*झकनावदा में निकली भव्य शोभायात्रा*
महाशिवरात्रि के अवसर पर झकनावदा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान केसरियानाथ की संजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ढोल-नगाड़ों,डी.जे.और भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा शामिल हुए। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां आरती और महाप्रसादी का आयोजन किया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रहा। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर श्रृंगेश्वर महादेव धाम एक बार फिर आस्था,भक्ति और श्रद्धा का केंद्र बना रहा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर जीवन में सुख-शांति की कामना की।









