
पुलिस अधीक्षक धार श्री मयंक अवस्थी के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा हेतु “विशेष जागरूकता अभियान – मैं हूं अभिमन्यु” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय धार से वाहन रैली निकाल कर आमजन को किया जागरूक।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान “मैं हूं अभिमन्यु” दिनांक 23 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक जिलेभर में संचालित किया जा रहा है।
आज दिनांक, 24 सितम्बर 2025 को पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय डावर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पारुल बेलपुरकर की उपस्थिति में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली से पहले महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को लिंग भेद, भ्रूण हत्या, अशिक्षा, नशा, अश्लीलता, दहेज प्रथा, पाक्सो एक्ट जैसे ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को महिला सुरक्षा, समानता, नारी सम्मान और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं सुरक्षित और जागरूक रहेंगे और समाज में यह संदेश फैलाएंगे।
अभियान का उद्देश्य
यह अभियान केवल महिला सुरक्षा पर केंद्रित नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव की ओर एक कदम है। इसका मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना है कि सुरक्षित और विकसित समाज का निर्माण तभी संभव है जब महिला और पुरुष दोनों की समान भागीदारी सुनिश्चित हो। खासकर, समाज के पुरुषों और लड़कों को महिला सुरक्षा और संवेदनशीलता के बारे में जागरूक करने की आवश्यकता है, ताकि वे एक जिम्मेदार, पूर्वाग्रह-मुक्त और समान विचारधारा से भरे हुए समाज का निर्माण कर सकें।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी ने कहा, “अभियान ‘मैं हूं अभिमन्यु’ केवल महिला सुरक्षा का अभियान नहीं है, बल्कि यह समाज में नई सोच, दिशा और ऊर्जा का संचार करने का प्रयास है। जब पुरुष और महिला दोनों समान रूप से जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी एक सुरक्षित और विकसित समाज की नींव रखी जा सकेगी।”
इस अवसर पर उपस्थित रहे अजाक डीएसपी श्री आनंद तिवारी, रक्षित निरीक्षक श्री पुरषोत्तम विश्नोई और जिले की समस्त महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारीगण ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।
धार पुलिस की अपील
धार पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और महिला सम्मान एवं सुरक्षा के संदेश को समाज के हर कोने तक पहुँचाने में सहयोग करें।









