
धार। नालछा दरवाजा स्थित पानी की टंकी, जिससे आसपास के सैकड़ों परिवारों को पेयजल की आपूर्ति होती है, उसके ठीक नीचे इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। यहां कचरा जमा होने के साथ ही आसपास का क्षेत्र कचरा फेंकने के स्थान में तब्दील होता जा रहा है। गंदगी और बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है।

रहवासियों का आरोप है कि यहां सिर्फ आसपास के लोग ही कचरा नहीं फेंकते, बल्कि नगर पालिका के कर्मचारी भी शहर के अन्य स्थानों से कचरा साफ कर उसे यहां लाकर डाल देते हैं। लोगों का कहना है कि कई बार यहां मरे हुए कुत्ते-बिल्लियों सहित अन्य मृत जानवर भी फेंक दिए जाते हैं। इसके चलते पूरे क्षेत्र में दुर्गंध बनी रहती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ महीने पहले इसी पानी की टंकी के ऊपर एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी मिला था। बताया जा रहा है कि उक्त मामले में अभी तक मृतक की पहचान और घटना से जुड़ी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। ऐसे में पानी की टंकी के आसपास पसरी गंदगी और अव्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।

स्कूल के बच्चों पर भी असर
पानी की टंकी के समीप ही एक प्राथमिक स्कूल भी संचालित होता है। रहवासियों का कहना है कि गंदगी और दुर्गंध के बीच स्कूली बच्चों को भी परेशानी होती है और बच्चे आए दिन बीमार पड़ रहे हैं। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते सफाई और कचरा निस्तारण की व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अतिक्रमण भी बढ़ा
क्षेत्र में अतिक्रमण बढ़ने की समस्या भी सामने आ रही है। रहवासियों के मुताबिक पानी की टंकी के आसपास अव्यवस्थित तरीके से कब्जे बढ़ने के कारण आवागमन सहित अन्य परेशानियां बढ़ गई हैं। लोगों ने नगर पालिका से क्षेत्र की नियमित सफाई, कचरे के उचित निस्तारण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की मांग की है।
नगर पालिका के अधिकारियों द्वारा समय-समय पर सफाई कराए जाने की बात भी सामने आ रही है, लेकिन सफाई के बाद दोबारा कचरा जमा हो जाता है। आसपास के लोगों ने कचरा फेंके जाने के फोटो और वीडियो भी बनाए हैं। रहवासियों का कहना है कि जिम्मेदारों को सिर्फ सफाई कराने के बजाय यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि यहां दोबारा कचरा न डाला जाए।
फिलहाल नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अवकाश पर बताए जा रहे हैं। ऐसे में रहवासियों की मांग है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर पानी की टंकी के आसपास की सफाई, कचरा निस्तारण और अतिक्रमण की स्थिति पर तत्काल ध्यान दें।









