*‘न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह-2026’ के तहत निकाली गई बाइक रैली, विधिक जागरूकता प्रदर्शनी भी आयोजित*

*नशा मुक्ति, बाल विवाह रोकथाम एवं निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 का किया प्रचार-प्रसार*

*धार, 19 नवम्बर 2026।* राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (MPSLSA), जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती ममता जैन के मार्गदर्शन में ‘न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह-2026’ के अंतर्गत गुरुवार को जिला मुख्यालय धार में विधिक जागरूकता बाइक रैली एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

बाइक रैली को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती ममता जैन, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना एवं जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष श्री हितैष सिंह ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर जिला न्यायालय परिसर से रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली में विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) श्रीमती मेरी मार्गरेट फ्रांसिस डेविड, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री रामसहारे राज सहित न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, पुलिस विभाग एवं 34वीं वाहिनी विसबल के अधिकारी-कर्मचारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम, न्यायालयीन कर्मचारी एवं पैरालीगल वॉलंटियर्स शामिल हुए।
बाइक रैली के माध्यम से आमजन को नशा मुक्ति, बाल विवाह रोकथाम तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने जागरूकता संदेशों से जुड़ी तख्तियों के माध्यम से नागरिकों को विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्याय की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। आमजन को योजनाओं से संबंधित पेम्पलेट भी वितरित किए गए।









