
इंदौर,। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया द्वारा आयोजित स्नेह बंधन कार्यक्रम में शामिल होने रविवार को इंदौर पहुंचे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने युवाओं की बेरोजगारी, ओबीसी आरक्षण, भागीरथपुरा दूषित पानी कांड और बढ़ती महंगाई सहित कई जनहित के मुद्दे उठाए।
उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार चाहता है, लेकिन सरकार नौकरी देने से बच रही है। अतिथि शिक्षक सहित वर्ग-1 और वर्ग-2 के शिक्षक भी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के पास रोजगार देने की क्षमता होने के बावजूद युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
ओबीसी आरक्षण को लेकर सिंघार ने सरकार से सवाल किया कि ओबीसी के 13 प्रतिशत पद आखिर क्यों होल्ड किए गए हैं? उन्होंने कहा कि युवा अपने अधिकार और रोजगार के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। सिंघार ने दावा किया कि अब भाजपा के हाथ से समय निकल चुका है और “युवा हनुमान हैं और उन्होंने लंका में आग लगा दी है।”
भागीरथपुरा दूषित पानी मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वे इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएंगे और सरकार से रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ भागीरथपुरा का नहीं, बल्कि पूरे इंदौर की जनता से जुड़ा सवाल है। मामले में अधिकारियों के साथ-साथ जिम्मेदार नेताओं और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए तथा दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के शक्कर संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “कैलाशजी, आप शक्कर मत खाइए, लेकिन जनता को यह बताइए कि शक्कर कब सस्ती मिलेगी और महंगाई कब कम होगी।” उन्होंने सरकार से बयानबाजी के बजाय आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।









