News

नेशन बुलेटिन धार।श्री धारनाथ भगवान के भव्य छबीने की तैयारियां शुरू, 7 सितंबर को होगा नगर भ्रमण।

WhatsApp
Facebook
Twitter

धार। धार नगर की वर्षों पुरानी धार्मिक एवं ऐतिहासिक परंपरा श्री धारनाथ भगवान के भव्य छबीने को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। आगामी 7 सितंबर, सोमवार को बाबा धारनाथ का छबीना पूरे राजशाही ठाठ-बाट और धार्मिक उल्लास के साथ नगर भ्रमण पर निकलेगा। आयोजन को लेकर श्री धर्मस्थान रक्षक मंडल धार द्वारा मंडल अध्यक्ष डॉ. शरद विजयवर्गीय के नेतृत्व में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

संस्था सचिव अजय डॉ. मनोहर सिंह ठाकुर ने बताया कि धार नगर में बाबा धारनाथ के छबीने का विशेष धार्मिक महत्व है। जिस प्रकार उज्जैन और ओंकारेश्वर की धार्मिक परंपराओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है, उसी प्रकार धार में निकलने वाले बाबा धारनाथ के छबीने के प्रति भी नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में गहरी आस्था है। हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा के नगर भ्रमण में शामिल होते हैं और मार्ग में बाबा के दर्शन की एक झलक पाने के लिए इंतजार करते हैं।

राजा के रूप में नगर भ्रमण पर निकलते हैं बाबा

धारनाथ भगवान के छबीने की सबसे खास परंपरा यह है कि बाबा नगर भ्रमण पर राजा के रूप में अपनी प्रजा का कुशलक्षेम जानने के लिए निकलते हैं। परंपरा के अनुसार बाबा को धार महाराज के यहां की चांदी से निर्मित तथा चारों ओर मूट से जड़ित विशेष पालकी में विराजमान किया जाता है। इसके बाद धार के मांझी समाज के युवा पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ पालकी को अपने कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण कराते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है और पूरा नगर धार्मिक वातावरण में सराबोर हो जाता है।

81वें वर्ष में भी कायम है परंपरा

संस्था सचिव ठाकुर ने बताया कि धार महाराज द्वारा करीब 80 वर्ष पूर्व प्रारंभ की गई यह परंपरा लगातार चली आ रही है। श्री धर्मस्थान रक्षक मंडल धार द्वारा इस धार्मिक परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। इस वर्ष छबीना अपने 81वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इसे पूर्व वर्षों की तरह ही भव्य एवं गरिमामय स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

छबीना 7 सितंबर को शाम 4 बजे श्री धारेश्वर मंदिर धार से महाआरती के बाद गार्ड ऑफ ऑनर के साथ प्रारंभ होगा। इसके बाद बाबा धारनाथ की पालकी नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण करेगी। रात्रि 12 बजे से पूर्व छबीना पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचेगा। यहां महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा और इसके साथ आयोजन का समापन होगा।

11 हजार अभिमंत्रित रुद्राक्ष का होगा वितरण

इस वर्ष छबीने में एक विशेष आकर्षण भी रहेगा। आशुतोष विजयवर्गीय द्वारा अपने स्वयं के वाहन पर 11 हजार अभिमंत्रित रुद्राक्ष श्रद्धालुओं को वितरित किए जाएंगे। रुद्राक्ष वितरण को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।

छबीने को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। इनमें ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, द्वारका अग्रवाल, कन्हैयालाल यादव, पूनम फकीरा, भगवानदास मालवीय, शशि श्रीवास्तव, नवनीत जैन, बलवीर अरोरा, ईश्वर सिंह ठाकुर, द्वारकाधीश राठौड़, संतोष शर्मा, अंतिम राठौड़, मुन्नालाल राठौड़, लखन शर्मा, हर्षवर्धन ठाकुर, अर्जुन यादव, रणजीत राठौड़, दिनेश भाई, अमर सिंह जी नौगांव, सजन बोर्दिया सहित समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

आयोजक संस्था ने नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से बाबा धारनाथ के इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक छबीने में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Recent Comments

No comments to show.