
धार। सरदारपुर क्षेत्र के 66 गांवों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के दावों की जमीनी हकीकत अब किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। सिंचाई परियोजना के उद्घाटन को एक माह बीतने के बाद भी खेतों तक पानी नहीं पहुंचा है। प्रशासन के आश्वासन पर किसानों ने गेहूं की बुवाई कर दी, लेकिन नहरों में पानी नहीं छोड़े जाने से फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। इसी समस्या को लेकर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राकेश सोलंकी निवासी राजगढ़ (तहसील सरदारपुर) अपने समर्थकों के साथ गले में लोहे की बेड़ियां पहनकर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।राकेश सोलंकी ने बताया कि करीब एक माह पहले किसानों ने सरदारपुर में माही नदी पर जल सत्याग्रह किया था। उस दौरान शासन-प्रशासन ने 66 गांवों की सूची जारी कर 10 से 15 दिनों में पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। प्रशासन के भरोसे किसानों ने गेहूं की बुवाई कर दी, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी सिंचाई के लिए पानी नहीं मिला। अब फसलें सूखने लगी हैं और किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय किसान अंकित जाट ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि विभाग पानी देने के लिए तैयार नहीं था, तो परियोजना का उद्घाटन ही नहीं करना चाहिए था। किसानों का आरोप है कि नहरों और पाइपलाइन की मरम्मत का काम गर्मी के सीजन में ही पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन समय पर काम नहीं होने का खामियाजा अब किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

किसान नेता ने बताया कि वे सरदारपुर एसडीएम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने पहुंचे थे, लेकिन एसडीएम ने अनुमति नहीं होने का हवाला देकर उन्हें वहां से हटा दिया। इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि जब संविधान शांतिपूर्ण धरने और आंदोलन का अधिकार देता है, तो किसान अपनी मांगें रखने के लिए अधिकारियों के कार्यालय नहीं जाएंगे तो कहां जाएंगे। कलेक्ट्रेट में कलेक्टर की अनुपस्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।किसानों ने मांग की कि तत्काल 66 गांवों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाए। यदि तकनीकी कारणों से पानी देना संभव नहीं है, तो इन गांवों को सूखाग्रस्त घोषित कर मुआवजा दिया जाए। वहीं राकेश सोलंकी ने पूरे धार जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने, किसानों को फसल बीमा और राहत राशि देने तथा नर्मदा सिंचाई परियोजना से वंचित गांवों को भी पाइपलाइन की सूची में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वरिष्ठ अधिकारी जल्द चर्चा कर समस्या का समाधान नहीं करते हैं, तो किसान अपनी मांगों को लेकर भोपाल के लिए रवाना होंगे। इसके साथ ही किसानों ने आरोप लगाया कि सरदारपुर एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ की बदजुबानी और किसानों के साथ किए गए दुर्व्यवहार के कारण उन्हें बेड़ियां पहनकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। किसानों का कहना है कि यदि एसडीएम किसानों के साथ दुर्व्यवहार नहीं करते और उनकी बात गंभीरता से सुनते, तो शायद आज उन्हें इस तरह बेड़ियां पहनकर नहीं घूमना पड़ता। किसान पैदल चलकर धरना स्थल तक पहुंचे, लेकिन प्रशासन के किसी भी अधिकारी ने उन्हें समझाने या रोकने का प्रयास नहीं किया। किसानों ने इस पूरे मामले में सरदारपुर प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारियों की उदासीनता के चलते सरकार और जिला प्रशासन की छवि भी खराब हुई है।










