वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर पर धार में चल रहे नौ दिवसीय वंदे मातरम् भाव जागरण अभियान का 26 नवंबर को भव्य समापन होने जा रहा है।
संविधान दिवस के इस विशेष अवसर पर धार एक ऐतिहासिक राष्ट्रभक्ति के आयोजन का साक्षी बनेगा… जहां स्कूलों के हजारों विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग एक साथ… एक सुर में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गान करेंगे।
समापन समारोह की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी, जिसमें शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। वहीं दोपहर ठीक 1 बजे एक ऐसा ऐतिहासिक पल देखने को मिलेगा, जब पूरा धार शहर एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन करेगा।
इस नौ दिवसीय अभियान का उद्देश्य वंदे मातरम् के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्रगीत के सभी छह छंदों के प्रति जनजागरण करना है। बीते दिनों में स्कूली बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक इस अभियान में सहभागिता की है।
वहीं आयोजन में सामाजिक संगठनों द्वारा स्कूली विद्यार्थियों के लिए अल्पाहार की अलग-अलग स्टॉल भी लगाई जाएंगी। समापन समारोह को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस पूरे अभियान को सफल बनाने में वंदे मातरम् भाव जागरण समिति के संयोजक दीपक पवार, प्रचार प्रमुख दिनेश सोनवानिया, राखी राय, संदीप पाटीदार, मनाल दोराया, गुमान सिंह फौजी, भूपेंद्र राजावत, पियुष जोशी, दीपक गोड़ सहित समिति के सभी सदस्यों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
समिति ने धार शहर के समस्त विद्यालयों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
**क्योंकि यह केवल एक आयोजन नहीं… बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और गौरव का उत्सव है।**
26 नवंबर को धार की धरती पर जब हजारों कंठ एक साथ गूंजेंगे…









