*प्रदेश के युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं- मुख्य सचिव श्री बर्णवाल*

*उद्यमियों की सफलता युवाओं की आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरणा- सीएस श्री बर्णवाल*

*मुख्य सचिव ने धार में यशस्वी हितग्राहियों एवं सफल उद्यमियों से किया संवाद*

*मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत उद्यमियों से रूबरू हुए मुख्य सचिव*

*सफलता की कहानियां सुनीं और किया प्रोत्साहित’*

*धार, 11 सितंबर 2026।* मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने शुक्रवार को अपराह्न में जिला पंचायत धार के सभा कक्ष में ‘‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’’ के तहत आयोजित ‘‘यशस्वी संवाद एवं उद्यमी संवाद’’ कार्यक्रम में जिले के यशस्वी हितग्राहियों, उद्यमियों, प्रगतिशील कृषकों एवं खेल प्रतिभाओं से प्रत्यक्ष संवाद किया।
मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल ने यशस्वी प्रतिभागियों की सफलता की कहानियां ध्यानपूर्वक सुनीं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रत्यक्ष संवाद से आत्मनिर्भरता, स्थानीय उद्यमिता, नवाचार एवं रोजगार सृजन को प्रोत्साहन मिलता है तथा शासन और नागरिकों के बीच सहभागिता और विश्वास और अधिक सुदृढ़ होता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा केवल अनुदान या ऋण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, उन्हें रोजगार देने वाला बनाना है। मध्यप्रदेश में एमपी एमएसएमई प्रोत्साहन योजना 2025 एवं एमपी स्टार्ट-अप योजना 2025 के माध्यम से नवाचार को विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस मौके पर सचिव मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. सुदाम खाड़े, विधायक श्रीमती नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मेडा, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
*संवाद कार्यक्रम में उपस्थित यशस्वी उद्यमियों एवं कृषकों ने अपनी सफलता की गाथा साझा की*
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र से श्री प्रभांशु पंड्या, धार (उम्र 28 वर्ष, कोशल्यम लर्निंग सॉल्यूशन) ने सॉफ्टवेयर क्षेत्र में स्टार्ट-अप स्थापित कर 13 युवाओं को रोजगार एवं 50 लाख का टर्नओवर अर्जित करने और उन्हें पीएम एडमिनिस्ट्रेटर पुरस्कार हेतु नामांकित करने के बारे में जानकारी दीं। इनके द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को Industrial Development with AI के दिए जा रहे प्रशिक्षण के बारे में भी अवगत कराया।
इस संवाद में हथकरघा एवं उद्यानिकी क्षेत्र में कार्यरत श्रीमती नेहा जायसवाल, मांडव ने ब्लॉक प्रिंटिंग एवं हथकरघा से महिला समूह की महिलाओं को 15 से 18 हजार प्रतिमाह आय से आत्मनिर्भर बनाने तथा श्री लखन-मोहनलाल पाटीदार, रूपाखेड़ा ने पॉलीहाउस में गुलाब की खेती से 18 लाख प्रति एकड़ लाभ तथा श्री लखन पाटीदार, तिलगारा ने ऑटोमेशन आधारित ब्लूबेरी खेती से 1000 वर्गमीटर में 4.50 लाख की आय अर्जित कर 23 किसानों को प्रेरित करने के बारे में बताया। प्रगतिशील कृषक श्रीमती संगीता भाभर, देवधा ने देशी बीज बैंक में 6 क्विंटल पारंपरिक बीजों का संरक्षण एवं 234 किसानों को बायो-इनपुट उपलब्ध कराने के बारे में विस्तार से बताया।
उद्यम संवाद में श्री कपिल अग्रवाल, श्री नकुल जोशी, श्री दीपक भारती, बैडमिंटन खिलाड़ी श्री सौरभ वर्मा, मेद्यावी छात्रा अंशिका सादलपुर, उद्योगपति जेतपुरा के मुजिबु रहमान, मल्लखम खिलाड़ी जयपाल आदि ने भी अपनी सफलता की गाथा बताते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिय। रूपाखेड़ा के प्रगतिशील किसान श्री लखन पाटीदार ने की जा रही फुलों की खेती के बारे में बताया और स्वयं द्वारा उत्पादित फूलों का गुलदस्ता भेंटकर मुख्य सचिव श्री बर्णवाल एवं डॉ. खाड़े का स्वागत किया।
मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने सभी यशस्वी उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि इनकी उपलब्धियां अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का सरलीकरण कर प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जाए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर श्री मीना ने मुख्य सचिव श्री बर्णवाल एवं सचिव मुख्यमंत्री डॉ. सुदामा खाड़े का स्वागत करते हुए जिले में संचालित एमएसएमई, औद्योगिक क्षेत्र निर्माण, नवीन रेलवे लाईन की प्रगति तथा जिले में औद्योगिक निवेश एवं स्थापित उद्योगों और उनमें सृजित रोजगार स्टार्ट-अप एवं स्वरोजगार मूलक योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्य सचिव ने संवाद में प्राप्त सुझावों पर शासन स्तर से यथासंभव कार्यवाही का विश्वास दिलाया। विधायक श्रीमती वर्मा एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, जिला अधिकारी सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, प्रतिभाशाली खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं प्रगतिशील किसान एवं योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित थे।









