धार। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने बुधवार से अपने विधानसभा क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं के वितरण अभियान की शुरुआत की। पिछले 17 वर्षों से जारी इस परंपरा के तहत इस वर्ष भी क्षेत्र की विभिन्न गणेश समितियों को प्रतिमाएं वितरित की जा रही हैं। अभियान की शुरुआत सलकनपुर से हुई, जहां जाट धर्मशाला में पंखे लगवाने के लिए सिंघार ने 1.50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की।
सलकनपुर के बाद सिंघार दौलतपुरा पहुंचे। यहां स्कूल के समीप बच्चों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और उनसे आत्मीय संवाद किया। बातचीत के दौरान बच्चों ने स्कूल भवन, पेयजल के लिए बोरिंग और खेलकूद सामग्री की आवश्यकता बताई। बच्चों की मांग सुनकर विधायक ने संबंधित जरूरतों को तत्काल स्वीकृति देने के निर्देश दिए। निर्णय की जानकारी मिलने पर बच्चों और शिक्षकों में उत्साह नजर आया।
इसके बाद दौलतपुरा में गणेश समितियों को प्रतिमाएं भेंट कर वितरण अभियान को आगे बढ़ाया गया। सिंघार ने भूतिबावड़ी और सिंधकुवा पहुंचकर भी समितियों को गणेश प्रतिमाएं वितरित कीं। बताया गया कि आगामी दो दिनों में विधानसभा क्षेत्र में करीब एक हजार गणेश प्रतिमाओं का वितरण किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंचेंगे
गुरुवार को सिंघार सुबह 10 बजे धार से रवाना होकर गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों का दौरा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे बालेड़ी, बावड़ीखोदरा और जीराबाद सहित अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर गणेश समितियों को प्रतिमाएं वितरित करेंगे। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।
गणेश प्रतिमा वितरण के साथ क्षेत्र में जनसंवाद को लेकर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। दौलतपुरा में बच्चों से मुलाकात और उनकी मूलभूत जरूरतों पर तत्काल निर्णय चर्चा का विषय रहा।









