*सात कोठडी महादेव मंदिर के विकास एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कलेक्टर से मिला मित्र मंडल*
धार। ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र सात कोठडी महादेव मंदिर, मांडव के विकास, सौंदर्यीकरण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सात कोठडी महादेव मित्र मंडल के सदस्यों ने आज कलेक्टर धार श्री राजीव रंजन मीणा से उनके कार्यालय में मुलाकात की।
मित्र मंडल के सदस्यों ने कलेक्टर को मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को वर्तमान में हो रही विभिन्न परेशानियों से अवगत कराया। साथ ही मंदिर परिसर में स्वच्छता, पेयजल, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं, सौंदर्यीकरण एवं अन्य आवश्यक विकास कार्यों की आवश्यकता से संबंधित जानकारी साझा की।
इस दौरान मित्र मंडल द्वारा मंदिर के विकास एवं संरक्षण के लिए अब तक किए गए प्रयासों की भी जानकारी कलेक्टर को दी गई। सदस्यों ने बताया कि सात कोठडी महादेव मांडव की धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाकर इस पवित्र स्थल को और अधिक विकसित किया जा सकता है।
मित्र मंडल द्वारा प्रस्तुत आवेदन एवं समस्याओं को कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीणा ने गंभीरता से सुना तथा मंदिर से संबंधित विकास कार्यों पर शीघ्र आवश्यक विचार एवं कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखना आवश्यक है।
मित्र मंडल सदस्यों ने कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सात कोठडी महादेव मंदिर को एक सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं आकर्षक शिवधाम के रूप में विकसित करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर सात कोठडी महादेव मित्र मंडल के सदस्य राजीव जोशी, श्रीजीत तोमर, रॉकी मक्कड़, त्रिलोक डोडिया, एडवोकेट मनोज सिंह सिसोदिया, बंटी डोड, श्याम बाबा, भूपेंद्र चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।









