
*धार से निकली कलश वंदन यात्रा, 10 सितंबर तक जिले की सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगा संदेश*

*धार, 21 अगस्त 2026।* संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समरसता संकल्प अभियान कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ शुक्रवार को धार स्थित पीएमश्री महाविद्यालय ऑडिटोरियम से किया गया। जनजातीय कार्य विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विधायक श्रीमती नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, राधेश्याम यादव, निलेश भारती, चंचल पाटीदार सहित संत व मंदिर पुजारीगण, बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के चित्र का पूजन-अर्चन एवं कलशों की विधिवत पूजा के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों ने सभी मंडल अध्यक्षों को समरसता संकल्प के कलश सौंपे। कार्यक्रम के पश्चात जिले में भ्रमण करने वाले रथ में कलश की स्थापना कर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया और रथ को रवाना किया गया।

*समरसता ही भारत की शक्ति – गणपत डाबी*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गणपत डाबी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों, शहरों और नगरों में जिस प्रकार सामाजिक कटुता एवं विभाजन की परिस्थितियां निर्मित हो रही हैं, उन्हें दूर करने के लिए समरसता ही सबसे महत्वपूर्ण मार्ग है। उन्होंने कहा कि समरसता के बिना देश के 140 करोड़ नागरिकों की एकता और सामाजिक अस्तित्व की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समरसता, समानता और मानवता का मूलमंत्र दिया। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वंदन यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस अभियान के माध्यम से गांव-गांव तक सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
*कुरीतियों को दूर करने का संदेश देगी यात्रा- निलेश भारती*
कार्यक्रम में श्री भारती ने कहा कि समाज में समय के साथ आई कुरीतियों और सामाजिक भेदभाव को दूर करने के लिए ऐसे अभियानों की आवश्यकता है। संत रविदास महाराज ने जात-पात और ऊंच-नीच की भावना के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज को समानता का संदेश दिया। उन्होंने संत रविदास महाराज की प्रसिद्ध वाणी “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि मन स्वच्छ और पवित्र है तो सच्ची भक्ति और पवित्रता व्यक्ति के भीतर ही विद्यमान है। संत रविदास जी का जीवन समाज को आडंबर से दूर रहकर मानवता और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
*10 सितंबर तक सातों विधानसभा क्षेत्रों के 39 मंडलों में पहुंचेगी यात्रा*
जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त परुल जैन ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी और आगामी 10 सितंबर तक गांव-गांव एवं विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर संत रविदास महाराज के समरसता एवं सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी। कार्यक्रम संचालन प्रवीण शर्मा ने किया।









