
धार। भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को समूची धार नगरी भक्ति और उत्साह के रंग में रंगी नजर आई। सुबह रुद्राभिषेक से लेकर देर शाम तक निकली भव्य शोभायात्रा तक पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना रहा। ब्राह्मण समाज सहित सर्वसमाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

प्रातःकाल सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा धारेश्वर मंदिर में भगवान श्री परशुराम की प्रतिमा के समक्ष बड़ी संख्या में ब्राह्मण जोड़ों द्वारा रुद्राभिषेक किया गया। कर्मकांडी विद्वान ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के साथ पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर समाजजनों ने विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद महाआरती कर प्रसादी एवं फलाहार का वितरण किया गया।

जिला मीडिया प्रभारी पं. ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि वसंत विहार स्थित परशुराम मंदिर में भी दोपहर 12 बजे महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर “जय परशुराम” के जयघोष से गूंज उठा। आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया गया।
आकर्षक रथ के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों से भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ धारेश्वर मंदिर प्रांगण से महाआरती के साथ हुआ।
शोभायात्रा शनिगली, जवाहर मार्ग, धान मंडी चौराहा होते हुए लालबाग परिसर में संपन्न हुई। यात्रा में भगवान श्री परशुराम का सुसज्जित रथ आकर्षण का केंद्र रहा। समाज के पुरुष एवं महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए, जिससे शोभायात्रा की भव्यता और बढ़ गई।
पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर मंच लगाकर पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। “जय परशुराम” के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा के समापन पर महाआरती एवं भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष पंडित विश्वास पांडे, कार्यकारी अध्यक्ष पंडित धर्मेंद्र जोशी, ऋषि भार्गव, गोटू शुक्ला, प्रवीण शर्मा, पं. ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, डॉ. प्रदीप रावत, श्रीकांत द्विवेदी, जितेंद्र पांडिया, तरुण जोशी, संजय शर्मा, ममता जोशी, मीना दुबे, रीता घोड़गांवकर, अवंती शर्मा, अभिषेक चतुर्वेदी, राजा शर्मा, वरदान तिवारी, प्रेम रावल, एन.एम. शर्मा, गोपाल शर्मा, ब्रजकिशोर बोड़ा, संजय बाजपेई, जयप्रकाश त्रिपाठी, अमित मंडलोई, राजेश शर्मा, पिंटू रावल, पुनीत तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य एवं समाजजन उपस्थित रहे।









