
**महापुरुषों के चित्रों और 150 वर्ष पूर्ण होने की थीम पर सजी चित्रकला, दीपों की भव्य रंगोली और आतिशबाजी ने बढ़ाई उत्सव की भव्यता, रामायण की प्रस्तुति ने बांधा समां**

धार। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में धार शहर के सावरकर चौक स्थित मोहन टॉकीज पर आयोजित नौ दिवसीय *वंदे मातरम् भाव जागरण उत्सव* के चौथे दिन भी देशभक्ति, कला, संस्कृति और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग देशभक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। वहीं बच्चों की रचनात्मकता, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन स्थल को उत्साह और उमंग से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक चित्रकला प्रस्तुत की गई, जिसमें देश के महापुरुषों के चित्रों के साथ वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने की थीम पर आधारित चित्र बनाकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से देश के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के योगदान और राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान की भावना को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया। वहीं छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
उत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। स्कूली छात्र-छात्राओं ने रामायण पर आधारित नाटक और भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा दीपों से बनाई गई विशाल एवं आकर्षक रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दीपों की रोशनी से सजे आयोजन स्थल पर आतिशबाजी ने उत्सव की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
वहीं शाम के समय धार शहर के संगीत प्रेमियों द्वारा देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। इन गीतों की मधुर धुनों और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत माहौल ने पूरे क्षेत्र को देशप्रेम के रंग में रंग दिया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में शहरवासी आयोजन में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद ले रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वंदे मातरम् के सभी छह छंदों के गायन और उनके भावों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वंदे मातरम् भाव जागरण समिति द्वारा इस नौ दिवसीय आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। 18 नवंबर से 26 नवंबर तक चलने वाले इस उत्सव में प्रतिदिन स्कूली विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, कलाकारों और शहर के संगीत प्रेमियों की सहभागिता देखने को मिल रही है। समिति के सहयोग संयोजक दीपक पवार सहसंयोजक दिनेश सोनवानीया गुमान सिंह जी डावर भूपेंद्र सिंह राजावत
समिति का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को राष्ट्रगीत के इतिहास, उसके भाव और देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। चौथे दिन बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और शहरवासियों की उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि वंदे मातरम् का भाव आज भी हर पीढ़ी के हृदय में राष्ट्रप्रेम की अलख जगा रहा है।









