News

नेशन बुलेटिन धार। भोजशाला में दीपों की रोशनी से जगमगाया मां वाग्देवी का धाम, भव्य रंगोली में उकेरा गया इतिहास और संघर्ष।

WhatsApp
Facebook
Twitter

धार। राजा भोज की ऐतिहासिक नगरी धार स्थित विश्वविख्यात भोजशाला में दीपावली के अवसर पर महाराजा भोज उत्सव समिति द्वारा भव्य दीपावली मिलन समारोह एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान भोजशाला परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। मां वाग्देवी के प्रति श्रद्धा और आस्था के साथ आयोजित कार्यक्रम में आकर्षक रंगोली के माध्यम से भोजशाला का इतिहास, राजा भोज का शासनकाल और भोजशाला मुक्ति के संघर्ष को दर्शाया गया।

समिति द्वारा प्रतिवर्ष दीपावली मिलन समारोह एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस वर्ष भी आयोजन का मुख्य उद्देश्य मां वाग्देवी भोजशाला की मुक्ति एवं गौरवशाली परंपरा की पुनः प्रतिष्ठा के प्रति जनजागरण करना रहा। रंगोली में ‘रंग लाया संघर्ष हमारा, किंतु विजय अधूरी है, मां के मंदिर में अब माता की प्रतिमा बहुत जरूरी है’ जैसे संदेशों के माध्यम से समिति ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। रंगोली में राजा भोज के 1010 ईस्वी में हुए राज्याभिषेक, 1034 ईस्वी में सरस्वती कंठाभरण शारदा सदन भोजशाला के निर्माण, मां वाग्देवी के स्वप्न एवं साक्षात्कार, राजा भोज द्वारा धार में साढ़े बारह तालाबों की व्यवस्था और भोजशाला में संचालित आवासीय गुरुकुल सहित कई ऐतिहासिक प्रसंगों को चित्रित किया गया। इसके साथ ही 1269 ईस्वी में कमाल खान के मालवा आगमन, 1305 में अलाउद्दीन खिलजी के आक्रमण, जौहर की घटना तथा मां वाग्देवी की प्रतिमा को लंदन ले जाने से जुड़े प्रसंगों को भी रंगोली के माध्यम से दर्शाया गया।

आयोजकों के अनुसार, इस भव्य रंगोली को तैयार करने में करीब 24 घंटे का समय लगा। इसमें लगभग सवा क्विंटल रंगों का उपयोग किया गया तथा 10 के करीब कलाकारों ने अपना योगदान दिया। दिनेश आर्ट के आदर्श पिछले कई वर्षों से इस कला के माध्यम से आयोजन में योगदान दे रहे हैं। उनके साथ अभय व्यास, धार्मिक वर्मा, प्रथम, मिहिर लाड़, पलाश और अंजू आर्य ने भी रंगोली निर्माण में सहयोग किया।कार्यक्रम की संयोजिका सोनम पाटीदार एवं संयोजक अनुराग (गुन्नू) अग्रवाल रहे। इस अवसर पर समिति ने समाजजनों से प्रत्येक मंगलवार को सपरिवार एवं इष्ट मित्रों के साथ सूर्योदय से सूर्यास्त तक भोजशाला में आयोजित सत्याग्रह में शामिल होकर भोजशाला मुक्ति यज्ञ में अपनी आहुति देने का आह्वान किया।

समिति की ओर से कहा गया कि दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश और अज्ञान से ज्ञान की ओर बढ़ने का संदेश देता है। भोजशाला की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और मां वाग्देवी की गौरवशाली परंपरा की पुनः प्रतिष्ठा के संकल्प के साथ समारोह संपन्न हुआ। आयोजन की जानकारी समिति के मीडिया प्रमुख मोहन राठौर ने दी।

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.