
*नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य मंत्री तथा प्रभारी मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में पुलिस लाइन में आयोजित हुआ कार्यक्रम*

*”शास्त्र हमें नीति, न्याय और अनुशासन की शिक्षा देता है, समाज शास्त्रों के अनुसार चले” – श्री कैलाश विजयवर्गीय*

*धार 20 अक्टूबर 2026।* विजयादशमी के पावन पर्व पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में पारंपरिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम अत्यंत उत्साह, आस्था और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री, नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश शासन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय उपस्थित रहे।

इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, क्षेत्रीय विधायक श्रीमती नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदारसिंह मेढ़ा, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना तथा पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजन किया। वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार शस्त्रों को सजाकर धूप-दीप अर्पित किए गए और आरती उतारी गई।

*शास्त्र की नीति और न्याय सर्वोपरि: श्री कैलाश विजयवर्गीय*

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हमारी सनातन परंपरा में शास्त्र हमें नीति, न्याय और अनुशासन की शिक्षा देते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज को शास्त्रों के अनुसार और उनकी मर्यादाओं के तहत चलना चाहिए। जब समाज शास्त्रों द्वारा निर्धारित सिद्धांतों का पालन करता है, तब शांति और न्याय कायम रहता है। शस्त्र केवल अंतिम विकल्प के रूप में असहायों की सुरक्षा, समाज की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का माध्यम हैं।

*जिले में 40% कम वर्षा, जल का सदुपयोग करने का आह्वान*

संबोधन के दौरान प्रभारी मंत्री श्री विजयवर्गीय ने जिले में इस वर्ष औसत से 40% कम हुई वर्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कम वर्षा के कारण जल संकट की चुनौती सामने है, इसलिए हम सभी को पानी का विवेकपूर्ण उपयोग और सदुपयोग करना होगा। उन्होंने परिवारों से बैठकर जल संरक्षण की योजना बनाने और RO वाटर के बचे हुए पानी का उपयोग बागवानी, धुलाई एवं अन्य कार्यों में करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
समारोह में पुलिस बल के जवानों द्वारा हर्ष फायर कर परंपरा का निर्वहन किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों व अधिकारियों ने एक-दूसरे को विजयादशमी एवं आगामी दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।









