News

नेशन बुलेटिन धार। धार में वराह मार्च को लेकर सख्ती, हिंदू प्रहरी के पदाधिकारी हिरासत में, लाट मस्जिद व विजय मंदिर क्षेत्र सील।

WhatsApp
Facebook
Twitter

 

 

धार। 15 सितंबर को प्रस्तावित हिंदू प्रहरी के वराह मार्च को लेकर धार में पुलिस-प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रशासन द्वारा मार्च की अनुमति निरस्त किए जाने के बावजूद हिंदू प्रहरी की ओर से स्पष्ट किया गया था कि वे किसी भी स्थिति में वराह मार्च निकालेंगे। इसी को देखते हुए पुलिस ने मंगलवार सुबह से ही कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने हिंदू प्रहरी से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू किया। सामने आए नामों में विकास जाट, लोकेश यादव, आशीष बसु, सत्यनारायण रघुवंशी उर्फ टू-टू ठाकुर और संदीप यादव सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

वहीं, वराह मार्च के प्रस्तावित केंद्र लाट मस्जिद, जिसे हिंदू पक्ष की ओर से विजय मंदिर बताया जाता है, के आसपास भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पूरे क्षेत्र में आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। आम लोगों की आवाजाही बंद है और क्षेत्र को पुलिस सुरक्षा घेरे में रखा गया है।

हिंदू प्रहरी की ओर से वराह मार्च को लेकर तैयारियां की जा रही थीं। संगठन का कहना है कि मार्च शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाना था, जबकि प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए इसकी अनुमति निरस्त कर दी।

प्रशासन की रोक के बावजूद मार्च निकालने की घोषणा के बाद पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया। प्रमुख मार्गों और प्रस्तावित मार्च क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से बिना अनुमति किसी भी प्रकार के जुलूस या मार्च को रोकने की तैयारी की गई है।

लाट मस्जिद/विजय मंदिर क्षेत्र में आवाजाही पूरी तरह बंद किए जाने और हिंदू प्रहरी से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के बाद धार में स्थिति पुलिस-प्रशासन की निगरानी में है। अब देखना होगा कि प्रशासन की सख्ती के बीच हिंदू प्रहरी की ओर से आगे क्या कदम उठाया जाता है और क्या प्रस्तावित वराह मार्च निकल पाता है या नहीं।

Recent Comments

No comments to show.