News

नेशन बुलेटिन धार। राजीव रंजन मीणा और नीना वर्मा ने की धारनाथ बाबा की आरती, जयकारों से गूंजा धार।

WhatsApp
Facebook
Twitter

धार। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को धार शहर आस्था, श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। भगवान धारनाथ का भव्य छबीना सोमवार को दोपहर बाद नगर भ्रमण पर निकला। छबीने को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान धारनाथ का स्वागत किया और पूरे मार्ग को फूलों से सजा दिया गया।

 

छबीने की शुरुआत से पूर्व दोपहर 2 बजे परमारकालीन राजा भोज के समय से जुड़ी परंपरा के अनुसार पवार वंश की वर्तमान महारानी शैला राजे पवार ने परिवार सहित भगवान धारनाथ की प्रथम आरती की। इसके बाद शाम 4 बजे विधायक नीना वर्मा और कलेक्टर राजीव रंजन मीणा सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भगवान धारनाथ की द्वितीय आरती की। आरती के बाद भगवान धारनाथ का छबीना नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ।

 

 

छबीना नगर भवन पहुंचा, जहां भगवान धारनाथ को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद छबीना शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ धारेश्वर स्थल पहुंचा। यहां भगवान धारनाथ की आरती के बाद छबीने का समापन हुआ।

 

राजनीतिक मतभेद भूल एक साथ नजर आए नेता

भगवान धारनाथ के छबीने की विशेषता यह रही कि इसमें राजनीतिक दलों की सीमाएं भी नजर नहीं आईं। आरती में प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, विधायक नीना वर्मा सहित भाजपा के कई नेता मौजूद रहे। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने भी भगवान धारनाथ की आरती में शामिल होकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कांग्रेस और भाजपा सहित विभिन्न दलों के नेता तथा शहर के नागरिक बड़ी संख्या में छबीने में शामिल हुए।

छबीने के मार्ग में कई महिला एवं पुरुष श्रद्धालु आगे-आगे झाड़ू लगाते हुए चल रहे थे। पूरे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही और जगह-जगह भगवान धारनाथ के जयकारे गूंजते रहे।

माझी समाज निभाता है वर्षों पुरानी परंपरा

 

भगवान धारनाथ के छबीने की एक महत्वपूर्ण परंपरा यह है कि छबीने को उठाने की जिम्मेदारी वर्षों से माझी समाज के लोग निभाते आ रहे हैं। इस वर्ष भी माझी समाज के लोगों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ छबीने को उठाया और यात्रा मार्ग पर इस परंपरा का निर्वहन किया।

नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह छबीने का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान धारनाथ का आशीर्वाद लिया। छबीने के पीछे विभिन्न झांकियां भी शामिल रहीं, जिन्होंने यात्रा को और आकर्षक बना दिया। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल है।

कलेक्टर राजीव रंजन मीणा भी नगर भ्रमण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए। प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद यात्रा शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

 

Recent Comments

No comments to show.