
इंदौर। छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को इंदौर में महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य, इंदौर, उज्जैन और भोपाल संभाग के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधायक एवं पूर्व विधायक मौजूद रहे।

बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पूरी तरह सफल होगा। उन्होंने कहा कि Gen-Z और Gen-Alpha देश का भविष्य हैं और युवाओं की आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंदौर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत से काम कर रही है।
RGPV के नाम परिवर्तन पर सरकार को घेरा
RGPV विश्वविद्यालय का नाम बदलने और उसके पुनर्गठन को लेकर सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्या सरकार के लिए विकास का मतलब केवल नाम बदलना और संस्थानों का पुनर्गठन रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि RGPV को तीन हिस्सों में बांटकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम हटाना निंदनीय है। सरकार को शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।
OBC आरक्षण को लेकर भी उठाए सवाल
OBC आरक्षण के मुद्दे पर सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार 27 प्रतिशत आरक्षण देने से पीछे हट रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रदेश में OBC वर्ग की आबादी 52 प्रतिशत है तो सरकार 27 प्रतिशत आरक्षण देने से क्यों पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं और पिछड़ा वर्ग के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों की आवाज, युवाओं के अधिकार और शिक्षा में सुधार जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।









